बरेली। सहारनपुर और हरिद्वार में अवैध शराब से 35 लोगों की मौत के बाद जिले में भी अवैध शराब के धंधेबाजों के खिलाफ अभियान छेड़ दिया गया है। शहर के होटल-ढाबों के अलावा गांवों में कच्ची तोड़ने वाले भी निशाने पर हैं। एसएसपी के आदेश पर जिले में 114 जगह छापामारी कर 16 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। अभियान 23 फरवरी तक चलेगा।
सुभाषनगर के रामगंगा किनारे बसे गांव विरिया नरायनपुर के पास शराब की अवैध भट्टी पर शुक्रवार देर रात छापा मारा गया। पुलिस ने फत्तेपुर निवासी राकेश को पकड़ लिया। गांव विरिया नरायनपुर निवासी ओमकार, झब्बू, हरपाल उर्फ भोपाल कश्यप और उसका दामाद ओमकार फरार हो गए। मौके से 100 लीटर कच्ची शराब और उपकरण पुलिस ने जब्त कर लिए। वहीं, इज्जतनगर पुलिस ने वसंत विहार कॉलोनी निवासी गोविंद गंगवार को केन में कच्ची शराब ले जाते गिरफ्तार कर लिया। देहात क्षेत्र में भी शराब तस्करों के खिलाफ कार्रवाई हुई। एसएसपी के पीआरओ नवल मारवाह ने बताया कि जिले के अलग-अलग थानों में 16 मामले दर्जकर 16 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।