खतौनी कांड को लेकर बुधवार को फतेहगंज पूर्वी में हुई फायरिंग में पुलिस ने दोनों पक्षों के छह लोगों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। हालांकि इस विवाद के चलते दोनों पक्षों में तनाव है, जिसके चलते मोहल्ले में फोर्स तैनात है।
खतौनियां खुरचकर अरबों रुपये की बेशकीमती जमीन की मिल्कियत बदलने के मामले के आरोपी जेल से छूटे तो ईद के दिन दोनों पक्ष आमने सामने आ गए। इसके बाद कस्बा फतेहगंज पूर्वी के मोहल्ला मुगलान में जमकर फायरिंग हुई। कुछ लोग घायल भी हुए। इस मामले में पुलिस ने दोनो पक्षों की रिपोर्ट दर्ज कर ली थी। शफायत की तरफ से दर्ज रिपोर्ट में पुलिस ने शाहिद बेग व मोहम्मद शान और दूसरे पक्ष की तरफ से शफायत अली, मोमिन अली, शान अली व शैराम अली को गिरफ्तार कर लिया। सभी छह आरोपियों को मुंसिफ मजिस्ट्रेट के न्यायालय में प्रस्तुत करने के बाद जेल भेज दिया। वहीं कस्बे में बुधवार को हुए विवाद के बाद मोहल्ले में शांति है लेकिन तनाव बना हुआ है। इसके चलते वहां पर फोर्स तैनात कर दी गई है।
अधूरे मेडिकल पर भेजा जेल
फतेहगंज पूर्वी गोलीकांड में मोमिन खां और शफायत अली के गोली लगी थी। उन्हें फरीदपुर मेडिकल के लिए भेजा गया। वहां से उनको बरेली रेफर कर दिया गया। मगर पुलिस उन्हें फिर पूर्वी थाने ले गई और मेडिकल कराने के बजाय गिरफ्तारी दिखाकर जेल भेजने के लिए न्यायालय में पेश किया। अधिवक्ता द्वारा प्रार्थना पत्र देकर पुलिस द्वारा अधूरा मेडिकल करवाने की मजिस्ट्रेट से शिकायत की। इस पर मजिस्ट्रेट मेडिकल पूरा कराने के निर्देश दिए।
दोनो पक्षो में हों चुकी है पहले भी मारपीट
दो साल पूर्व दोनो पक्षो में मारपीट हो चुकी है और पुलिस ने दोनों पक्षो के मामलों में आरोप पत्र दाखिल किया था। इसमें दोनों ही पक्षो में अपनी अपनी जमानत करवा ली।
दोनों पक्षों में खतौनी खुरचने को लेकर पहले से ही विवाद चला आ रहा है। इसके चलते ही मारपीट और फायरिंग हुई थी। छह आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा गया है। बाकी आरोपी भी जल्द ही गिरफ्तार कर लिए जाएंगे। - एमपी अशोक, सीओ फरीदपुर