महिला का कंकाल मिला, रेप
के बाद हत्या की आशंका
- पीडब्ल्यूडी कॉलोनी की घटना, मौके पर मिलीं टूटी हुई चूड़ियां
बरेली।
पीडब्ल्यूडी कॉलोनी के खंडहर में गुरुवार को महिला का कंकाल मिला। सूचना मिलने पर एसएसपी जोगेंद्र कुमार ने भी मौका मुआयना किया। वहां के हालात देखकर दुष्कर्म के बाद महिला की हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस ने कंकाल को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
गुरुवार दोपहर पीडब्ल्यूडी के अफसरों ने कोतवाली पुलिस को सूचना दी कि गेस्ट हाउस के पीछे खंडहर में शव पड़ा है। कोतवाली पुलिस पहुंची तो देखा कि शव कंकाल में तब्दील हो चुका था। माना जा रहा है कि कंकाल पांच से छह महीने पुराना होगा। कपड़े और हाथ में चूड़ियां होने के आधार पर शव महिला का होने की पुष्टि हुई। पास ही एक पर्स, कैलकुलेटर, बिसलेरी की बोतल, पासबुक, मोबाइल कवर और कुछ टूटी चूड़ियां भी मिलीं। इसे देखते हुए आशंका जताई जा रही है कि महिला के साथ दुष्कर्म या संघर्ष हुआ होगा। एसएसपी को लोगों ने बताया कि खंडहर में कुछ पुरानी निर्माण सामग्री रखी हुई है। राजमिस्त्री झम्मनलाल इसे देखने पहुंचे तो कंकाल पड़ा दिखा।
छुपाए रखी घटना
आसपास के कुछ लोगों का कहना है कि कंकाल बुधवार को ही देख लिया गया था, लेकिन सभी आपस में बातचीत करके मामले को छुपाए रखा। पुलिस को भी सूचना नहीं दी गई। इस बात पर भी आश्चर्य जताया जा रहा है कि खंडहर के चारों ओर अधिकारियों और कर्मचारियों के आवास बने हुए हैं, इसके बावजूद शव पांच-छह माह तक सड़ता रहा और किसी को भनक तक नहीं लगी।