बरेली। बेटी के साथ छेड़खानी की शिकायत मां ने पुलिस से की तो आरोपियों के परिवारवालों ने उनके घर में घुसकर हमला कर दिया। शिकायत करने पीड़िता थाने पहुंची तो पुलिस ने उनके खिलाफ ही शांतिभंग का चालान कर दिया। एसएसपी के आदेश पर आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
कोतवाली क्षेत्र निवासी एक किशोरी 22 मार्च को अपने भाई के साथ बाजार घूमने निकली थी। किशोरी के मुताबिक, बाजार में उसके पड़ोसी रोहित ने अपने साथियों के साथ मिलकर उन्हें रोक लिया। आरोप है कि शोहदों ने उनसे छेड़छाड़ की और विरोध पर भाई को पीटा। शोर सुनकर भीड़ इकट्ठी हुई तो शोहदे भाग गए। पीड़िता की मां ने शोहदों के परिवारवालों से शिकायत की तो उन्होंने घर में घुसकर हमला कर दिया। पुलिस ने भी शोहदों पर कार्रवाई करने के बजाय पीड़ितों का ही शांतिभंग में चालान कर दिया। मामला एसएसपी तक पहुंचा तो उनके आदेश पर आरोपियों के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज हुई।