बरेली। दबंगों की धमकियों से परेशान सीबीगंज के एक परिवार ने घर छोड़ देने की धमकी दी है। परिवार के मुताबिक पुलिस से शिकायत करने के बाद से ही दबंग उनसे परेशान कर रहे हैं। हालांकि पुलिस के मुताबिक यह दोनों का आपसी झगड़ा है। दबंगों के खिलाफ कार्रवाई न होने पर पीड़ित परिवार शिकायत पत्र लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंचा।
सीबीगंज के गांव बल्ला कोठा निवासी सरस्वती ने 28 फरवरी को गांव के दबंगों द्वारा जंगली शूकर का शिकार करने की सूचना पुलिस को दी थी। पुलिस ने तीन ग्रामीणों का शांतिभंग में चालान कर जेल भेज दिया था। आरोप है कि जेल से निकलते ही दो फरवरी को दबंगों ने उनके घर में घुसकर अभद्रता की। विरोध करने पर उन्हें और उनकी सास को भी पीटा। मोहल्ले के लोगों ने इकट्ठे होकर दबंगों पर दबाव बनाया तो वह जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। दबंगों से परेशान सरस्वती ने अपने पति बद्रीप्रसाद के साथ एसएसपी कार्यालय पहुंचकर गांव छोड़ देने की चेतावनी दी है। थाना सीबीगंज इंस्पेक्टर राजकुमार भारद्वाज ने बताया कि आपसी विवाद के चलते दोनों पक्ष एक दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। शिकायत पर एनसीआर दर्ज कर ली गई है। महिला कई बार यूपी 100 पर शिकायत कर चुकी है। मामले की जांच की जा रही है।