रिठौरा। कस्बे के संजय मार्केट से सोमवार को राजीव सक्सेना की मोबाइल शॉप से मोबाइल चोरी करते पकड़ा गया रंपुरा माफी का ताहिर रात में पुलिस चौकी की खिड़की तोड़कर भाग निकला। बाहर खड़े सिपाही मनोज यादव और मोहम्मद अहमद ने उसे भागते देखा तो वे भी उसके पीछे दौड़ पड़े। कुछ आगे जाकर उन्होंने चोर को पकड़ लिया। उसे मंगलवार को जेल भेज दिया गया।
रंपुरा माफी का ताहिर राजीव की दुकान पर ग्राहक बनकर पहुंचा। राजीव जब उसे मोबाइल दिखा रहे थे तभी उसने नजरें बचाकर दो मोबाइल चोरी कर लिए। दुकान पर मौजूद एक ग्राहक ने उसे मोबाइल चोरी करते देखा तो राजीव को बता दिया। राजीव ने ताहिर को पकड़कर उसकी तलाशी ली तो उससे दोनों मोबाइल बरामद हो गए। उसकी जेब में छह हजार रुपये भी मिले। इसके बाद ताहिर को चौकी पुलिस के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने उसे चौकी के एक कमरे में बंद कर दिया। ताहिर ने रात में कमरे की खिड़की तोड़ ली और भाग निकला, लेकिन सिपाहियों की सजगता से पकड़ा गया।