तिलहर (शाहजहांपुर)। बारात के दौरान चौपहिया वाहन से धक्का लगकर गिर जाने की शिकायत करना एक युवक को महंगा पड़ गया। शिकायत पर बरातियों ने युवक को लाठी-डंडों से पीटकर लहूलुहान कर दिया। आरोप है कि आंखों में सब्जी भरकर अंधा करने का प्रयास किया। गंभीर अवस्था में युवक को बरेली में भर्ती कराया गया है। युवक की हालत गंभीर बनी हुई है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने चार लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना क्षेत्र के गांव धर्मपुर कंजा निवासी विनीत कुमार पुत्र मनीराम ने पुलिस को बताया कि 12 मई को गांव में भीमसेन के बेटे की शादी थी, जिसमें डांस चल रहा था। डांस देखने मेरे रिश्तेदार सचिन पुत्र राकेश निवासी गांव कनेंग थाना आरसी मिशन गया था। इसी दौरान वहां चौपहिया वाहन को आगे पीछे करने के दौरान सचिन को धक्का लग गया, जिससे वह गिर पड़ा। धक्का लगने से नाराज सचिन ने वाहन चालक को खरी-खोटी सुना दी। इसी बात को लेकर भीमसेन के बेटे सुनील कुमार, सूरजपाल ने अपने रिश्तेदार तिलहर के मोहल्ला बहादुरगंज निवासी जितेंद्र व विश्वकर्मा के साथ मिलकर सचिन को लाठी-डंडों से हमला बोल दिया। इससे सचिन का सिर फट गया और उसे गंभीर चोटें आईं। आरोप है कि इसके बाद हमलावरों ने बरात में बनी सब्जी सचिन की आंखों में भर अंधा करने का प्रयास किया। इस हमले के बाद सचिन बेहोश होकर गिर पड़ा। उसे तिलहर सीएचसी लाया गया, यहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। हालत में सुधार नहीं होने पर सचिन को बरेली एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं थानाध्यक्ष संजय राय ने बताया कि बृहस्पतिवार को तहरीर मिलने पर तहरीर के आधार पर चारो आरोपियों के खिलाफ गंभीर चोट पहुंचाने व गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी की धारा में रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। मामले की जांच की जा रही है।