बागपत। यमुना रोड खत्ते के पास विद्युत उपकेंद्र पर तैनात तत्कालीन टीजी-2 सुरेश कुमार के खिलाफ 1.40 करोड़ रुपये गबन के मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कराया। इसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं आरोपी के पिता ने एएसपी से निष्पक्ष जांच कराने की मांग की।
बागपत में यमुना रोड खत्ते के पास विद्युत उपकेंद्र पर तैनात टीजी-सुरेश कुमार का आठ मार्च को गाजियाबाद के मंडोला में बिजलीघर पर तबादला हो गया था। एसडीओ राणा प्रताप ने सुरेश कुमार पर बिजली के बिलों का 1.40 करोड़ रुपये गबन करने का आरोप लगाकर तहरीर दी थी। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गबन की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर टीजी-2 को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस उससे पूछताछ कर रही है। कोतवाली प्रभारी शिव प्रकाश सिंह ने बताया कि विवेचना के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
वहीं सुरेश कुमार के पिता ने एएसपी से मुलाकात कर बेटे को झूठा फंसाने का आरोप लगाया। उन्होने बताया कि बेटे ने कोई गबन नहीं किया। जब उसका तबादला हुआ था तो एक्सईएन ने नो ड्यूज का पत्र दिया था। उसके बेटे पर जब कोई बकाया नहीं था तो फिर से पत्र क्यों दिया गया। पुलिस निष्पक्ष जांच कर सही कार्रवाई करे। एएसपी रण विजय सिंह ने बताया कि पुलिस निष्पक्ष जांच कर कार्रवाई करेगी। जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।