बरेली। बिजली विभाग के रिटायर्ड जेई ने अपनी दूसरी पत्नी और सालों पर उनके घर में घुसकर लूटपाट करने का आरोप लगाया है। कोर्ट के आदेश पर इज्जतनगर थाने में आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है।
इज्जतनगर के गांव बिहारमान नगला निवासी इश्तियाक मोहम्मद बिजली विभाग में जेई के पद से रिटायर्ड हैं। इश्तियाक ने अपनी पहली पत्नी की मौत के बाद करीब तीन साल पहल देवरनियां निवासी नजमा से दूसरी शादी की थी। उनके मुताबिक घर से खर्चे के नाम पर रुपये मांगकर अपने नजमा मायके भी भेजती थी। विरोध करने पर उनके साले नासिर खां और शाकिर खां ने 22 जनवरी को मारपीट की। आरोप है कि शिकायत पुलिस से करने की बात की तो नासिर खां, देवरनियां निवासी शाकिर खां, आसमा, रेहान ने उनके घर में घुसकर उन्हें पीटा। घर में रखे करीब 40 हजार रुपये, सोने के कुंडल, बुंदे समेत अन्य जेवर लूट ले गए। इश्तियाक ने बताया कि नजमा गरीबी और लाचारी का ढोंग करके उनसे पहले भी सीबीगंज के तिलियापुर और देवरनियां के गांव बसीपुरा के युवक से शादी कर उन्हें ठग चुकी है। ब्यूरो