रिटायर्ड दरोगा और उसके दो बेटों को कोतवाली में गुंडई दिखाना भारी पड़ गया। रिटायर्ड दरोगा की कार से एक बाइक की टक्कर होने के बाद पुलिस दोनों पक्षों को लेकर कोतवाली पहुंची थी जहां रिटायर्ड दरोगा और उसके बेटों ने बाइक सवार को पीटना शुरू कर दिया। पुलिसकर्मियों ने बीचबचाव किया तो उनसे भी बदसलूकी कर डाली। इस पर पुलिस ने तीनों की धुनाई कर हवालात में डाल दिया और फिर शांतिभंग करने के आरोप में चालान भी कर दिया।
राजेंद्रनगर में रहने वाले रिटायर्ड दरोगा राजेश सक्सेना मुरादाबाद रेंज के कई थानों में तैनात रहे हैं। सोमवार को वह अपनी कार से दोपहर 12:30 बजे चौकी चौराहे से गांधी उद्यान की तरफ जा रहे थे। प्रभा टाकीज के सामने कट से यू टर्न लेते हुए कार एक बाइक से टकरा गई। बाइक पर बदायूं निवासी नसीम सवार थे। उनकी ससुराल काजीटोला में हैं। गाड़ियों के टकराने के बाद विवाद शुरू हो गया। राजेश ने फोन करके यूपी 100 को बुला लिया। पुलिस दोनों को कोतवाली ले आई। कोतवाली में समझौते की बात चल रही थी तभी रिटायर्ड दरोगा के बेटे अभिनव और प्रियम अपने दोस्त शैलेंद्र के साथ पहुंच गए। जिसके बाद रिटायर्ड दरोगा ने बेटों के साथ मिलकर नसीम की पिटाई शुरू कर दी। उसका गिरेबान पकड़कर धमकाने लगे। पुलिस वालों ने बीचबचाव किया तो उनसे भी उलझने लगे। पुलिस ने इस पर रिटायर्ड दरोगा और उनके बेटों की धुनाई कर उन्हें हवालात में डाल दिया। फिर शांति भंग करने के आरोप में चालान भी कर दिया।