क्रिकेट के विवाद में पीटकर किया अधमरा
मारपीट में छह से ज्यादा लोग घायल, रिपोर्ट दर्ज
सीबीगंज। खना गौंटिया गांव में क्रिकेट खेलने को लेकर एक ही समुदाय के बच्चों में विवाद हो गया। एक पक्ष, दूसरे से शिकायत करने गया तो उन पर लाठी-डंडे और धारदार हथियारों से हमला कर दिया गया। इसमें चह से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों ने सीबीगंज थाने पर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने एनसीआर दर्ज करके घायलों को जिला अस्पताल भेजा। एक अधेड़ की हालत गंभीर होने पर उसे निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
खना गौंटिया निवासी तांगा चालक शरीफ अहमद के बेटे मोहसिन का सोमवार शाम क्रिकेट खेलते समय नबी बख्स के बेटे अली हसन से झगड़ा हो गया। मोहसिन के पिता को झगड़े की जानकारी हुई तो वह अली बख्श के घर शिकायत करने गए। इससे गुस्साकर नबी बख्श ने अपने परिवार वालों के साथ लाठी डंडे लेकर शरीफ के घर पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने जो भी सामने आया उसे बेरहमी से पीटा। इसमें शरीफ अहमद, उनकी पत्नी इस्लाम बी, बेटा सुहेल, फारूख, अन्ने अंसारी, चांद बाबू और नाजिम घायल हो गए। शरीफ की हालत बिगड़ने पर उन्हें रात में ही निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।