फोटो - 47, 48
सहसवान में सराफ से चार
लाख रुपये और सोना लूटा
दुकान बंद करके नौकर के साथ बाइक पर जा रहे थे घर
घर से सौ मीटर दूर बाइक सवार चार बदमाशों ने दिया घटना को अंजाम
एसएसपी ने किया मौका मुआयना, अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
सहसवान (बदायूं)।
दुकान बंद कर घर जा रहे सराफा व्यापारी से गुरुवार देर शाम बाइक सवार चार नकाबपोश बदमाशों ने तमंचे के बल पर चार लाख रुपये और 58 ग्राम सोना लूट लिया। घटना की जानकारी मिलने पर काफी संख्या में व्यापारी कोतवाली जा पहुंचे और आक्रोश जताया। एसएसपी अशोक कुमार ने मौका मुआयना किया। सराफ की ओर से अज्ञात बदमाशों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
सहसवान के सैफुल्लागंज निवासी सराफ मोहनलाल की कस्बे में तहसील रोड पर सोने-चांदी की दुकान है। गुरुवार देर शाम करीब सात बजे वह दुकान बंद करने के बाद कर्मचारी सुभाष के साथ बाइक पर घर जा रहे थे। सराफ के मुताबिक वह अपने घर से करीब सौ मीटर पहले डार्लिंग रोड चौराहा कब्रिस्तान की पुलिया के पास पहुंचे होंगे। तभी पीछे से दो बाइक पर चार बदमाश आए, जो चेहरे पर नकाब लगाए थे। उनकी बाइक में बदमाशों ने पीछ से टक्कर मार दी, जिससे वह और उनका कर्मचारी बाइक समेत नीचे गिर गए। उनके गिरते ही बदमाशों ने तमंचे तान दिए और जान से मारने की धमकी दी। बदमाश सराफ के दोनों बैग लूटने के बाद अपनी बाइक से फरार हो गए। सराफ के गिरने पर उधर से गुजर रहे लोग हादसा समझे, जिससे कई लोग इकट्ठे हो गए। जब तक लोग माजरा समझ पाते तब तक लुटेरे गलियों से होकर निकल गए। सराफ ने बताया कि बैग में चार लाख रुपये नकद, 58 ग्राम सोना, कागज और दुकान और तिजोरी की चाबियां थीं।
सर्राफ ने फोन पर घटना की जानकारी घर दी, जिससे परिवार वाले मौके पर पहुंच गए। इसके बाद थाने जाकर घटना की सूचना दी। सराफ से लूट की खबर जानकारी मिलने पर काफी संख्या में व्यापारी कोतवाली पहुंच गए और रोष जताया। जानकारी मिलने पर एसएसपी अशोक कुमार, सीओ बिल्सी राघवेंद्र सिंह राठौर ने मौका मुआयना किया। सराफ से भी बातचीत की।