लखीमपुर खीरी। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) ने सोमवार को 10 वीं का रिजल्ट घोषित कर दिया। इसमें गोला के सेंट जॉन हायर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा सीरत फातिमा 98.2 फीसदी अंक लाकर जिला टॉपर बनीं हैं। वहीं 97.8 प्रतिशत अंकों के साथ इसी कॉलेज के छात्र शुभम शर्मा दूसरे एवं पंडित दीनदयाल उपाध्याय इंटर कॉलेज के छात्र महर्षि शुक्ला 97.6 प्रतिशत अंक लाकर जिले में तीसरे स्थान पर रहे हैं।
साल भर की मेहनत का नतीजा जानने के लिए परीक्षार्थी काफी दिनों से रिजल्ट आने का इंतजार कर रहे थे। सोमवार को रिजल्ट आने की सूचना मिलते ही छात्रों से लेकर उनके अभिभावक एवं माता पिता की निगाहें बोर्ड की प्रेसवार्ता पर टिक गई। दोपहर करीब ढाई बजे जैसे ही बोर्ड अधिकारियों ने दिल्ली से रिजल्ट का ऐलान किया, कि छात्र और शिक्षक स्कूलों की ओर दौड़ पड़े। किसकी मेहनत कितनी सार्थक रही यह जानने के लिए छात्र, शिक्षक और उनके अभिभावक काफी उत्सुक रहे। कोई मोबाइल पर तो कोई कंप्यूटर पर रिजल्ट देखने को बेचैन रहा। वहीं मनमाफिक रिजल्ट देखकर कुछ छात्र छात्राएं जहां फूले नहीं समा रहे थे तो वहीं मेहनत के अनुसार नंबर न मिलने से कुछ के चेहरों पर उदासी छा गई। हालांकि शिक्षकों ने छात्र छात्राओं की हौसलाफजाई करते हुए भविष्य की परीक्षाओं के लिए और मेहनत कर अच्छे नंबर लाने की प्रेरणा दी।