बरेली। हाथरस से एक रिश्तेदार से रुपये लेकर कार से लौट रहे रेलकर्मी के बैग से लाखों रुपये चोरी हो गए। रेलकर्मी के मुताबिक वह भतीजे की शादी के लिए रुपये ला रहे थे। गाड़ी के ड्राइवर पर चोरी का आरोप लगाते हुए उन्होंने किला थाने में तहरीर सौंपी है।
केला बाग निवासी ओमेंद्र सिंह रेलवे में कार्यरत हैं। वह शुक्रवार सुबह हाथरस में रिश्तेदार के बेटे की शादी में गए थे। ओमेंद्र ने बताया कि वह चौधरी मोहल्ला निवासी सर्वेश कुमार की गाड़ी लेकर मोहल्ला मुरावपुरा निवासी ड्राइवर राकेश यादव के साथ वहां गए थे। हाथरस में उन्होंने अपने साढ़ू रामबाबू से भतीजे मोहित की शादी के लिए ढाई लाख रुपये लिए थे। रुपये एक काले बैग में बैग में रखे थे। शाम को जब वह घर पहुंचे तो बैग से ढाई लाख रुपये गायब थे। ओमेंद्र के मुताबिक ड्राइवर राकेश यादव ने उन्हें रुपयों के साथ देख लिया था। रास्ते में वे लोग एक जगह चाय पीने को उतरे थे तो ड्राइवर गाड़ी में ही रुका रहा और घर पहुंचने के बाद उन्हें छोड़कर बिना रुपये लिए ही चला गया। गाड़ी मालिक को लेकर जब वह उसके घर पहुंचे तो वहां ताला पड़ा मिला। उन्होंने ड्राइवर पर ही चोरी का शक जताया है।