बरेली। बिशारतगंज इलाके के एक गांव में आठ साल की बच्ची की दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में पुलिस आरोपी विकास को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। अब उसे एनएसए में निरुद्ध करने की संस्तुति की जाएगी। किसा को रिमांड पर लेने के लिए दी गई अर्जी पर कोर्ट में एक जनवरी को सुनवाई होगी।
बच्ची के साथ दुष्कर्म के दौरान हैवानियत की गई थी। आरोपी ने उसके प्राइवेट पार्ट में गन्ना तक डाल दिया था। राज खुलने के डर से रूमाल से गला कसकर उसकी हत्या कर दी थी। एसपी देहात संसार सिंह ने बताया कि आरोपी को रिमांड पर लेकर साक्ष्य के तौर पर वह गन्ना बरामद किया जाएगा, जिससे दरिंदगी की गई थी। आरोपी की चप्पलें भी खेत में खोजनी हैं। उन्होंने बताया कि आरोपी नशे की वजह से चोरी जैसे अपराध पहले भी करता रहा है। उसके खिलाफ अब तीन मामले दर्ज हो चुके हैं। घटना के बाद इलाके के लोगों में खासा गुस्सा था। बच्चे बुरी तरह सहम गए थे। इसे आधार बनाकर विकास को एनएसए में निरुद्ध करने की संस्तुति डीए से की जाएगी।