विद्युत चोरी पकड़ने गई टीम पर ग्रामीणों ने किया हमला
विद्युत अधिकारियों ने पुलिस में दी तहरीर
अमर उजाला ब्यूरो
बार (ललितपुर)। थाना बार अंतर्गत ग्राम देवरान में विद्युत चोरी रोकने पहुंची विद्युत विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया और खदेड़ कर भगाया। जिसके बाद बिजली विभाग के अधिकारियों ने करीब चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराने को थाने में तहरीर दी है। जबकि देवरान में बिजली चोरी में पकड़े गए लोगों के खिलाफ विद्युत अधिनियम के तहत कार्रवाई की है।
शासन द्वारा विद्युत चोरी रोकने हेतु चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना बार के ग्राम देवरान में विद्युत विभाग के उपखंड अधिकारी रमेश कुमार अवर अभियंता विनय साहू के नेतृत्व में क्षेत्र के समस्त संविदा कर्मियों के साथ विद्युत चोरी रोकने हेतु सघन चेकिंग चलाया अभियान जा रहा था। जिसमें विद्युत विभाग की एक टीम जिलाधिकारी के गोद लिए गांव देवरान में जा पहुंची। जिससे विद्युत चोरी करने वालों में हड़कंप मच गया और उक्त टीम ने अवैध विद्युत संयोजनो से सिंचाई हेतु चलाई जा रही विद्युत मोटरों को जप्त करना शुरु कर दिया। जिस पर विद्युत चोरों ने उनका विरोध करना शुरू कर दिया और विद्युतकर्मियों पर हमला कर दिया। विद्युतकर्मी अपनी जान बचाकर भागे और थाना बार में देवरान निवासी मंगल पुत्र श्रीपत, रुप सिंह पुत्र श्रीपत, भूपेंद्र सिंह पुत्र श्रीपत एवं मान सिंह पुत्र श्रीपत के खिलाफ विद्युत अधिनियम की धारा 135 के अलावा सरकारी कार्य में बाधा डालने, मारपीट एवं जान से मारने की धमकी देने जैसी सुसंगत धाराओं में रिपोर्ट दर्ज करने का थाना बार प्रार्थना पत्र दे दिया है। इसके अतिरिक्त बगैर संयोजन के कटिया डालकर अवैध रुप से सिंचाई हेतु विद्युत चोरी से मोटर चलाने के संबंध में सोबरन पत्र बलू, हरि पुत्र रघुवर, आनंद राजपूत पुत्र वृंदावन, कमलेश पुत्र दयाराम राजपूत, जाहर मडया पुत्र शिवलाल, मेहरु पुत्र निर्भय, जानकी पुत्र मर्दन, मानसिंह और मनोहर पुत्र मोहन राजपूत के खिलाफ भारतीय अधिनियम 2007 की धारा 135 विद्युत चोरी का प्रार्थना पत्र थाना बार को दे दिया है। विद्युत विभाग द्वारा बुधवार को किए गए सघन चेकिंग अभियान के कारण चोरी से विद्युत का उपभोग कर रहे लोगों में हड़कंप मचा हुआ है और जो लोग कटिया डालकर विद्युत चोरी कर रहे हैं, वह लोग सघन चेकिंग टीम को देखकर अपने अपने दरवाजों से डाली गई कटिया के तारों को खींचते हुए देखे गए।