संपूर्णानगर (लखीमपुर खीरी)। बालपुर गांव में अचानक तेज वोल्टेज आने से एक घर में केबल बर्स्ट हो गई और बल्ब भी फट गया। जलती केबल और बल्ब पास की चारपाई पर जा गिरा जिससे आग लग गई। उसपर सो रहे दो बच्चे गंभीर रूप से झुल गए। आनन फानन उन्हें पास के अस्पताल ले जाया गया। हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें लखीमपुर खीरी और बाद में लखनऊ के लिए रेफर कर दिया लेकिन लखनऊ ले जाते समय दोनों बच्चों की मौत हो गई। इस संबंध में डीएम शैलेंद्र कुमार सिंह ने मामले की जांच के निर्देश अधिशासी अभियंता को दिए है। साथ ही डीएम ने कहा है कि परिवार के साथ दुखद घटना हुई है। प्रशासन उनकी हर संभव मदद करेगा।
थाना क्षेत्र के बालपुर निवासी मलखा के एक बेटा और एक बेटी है। मलखा मेहनत मजदूरी कर परिवार का भरणपोषण करता है। शुक्रवार को वह मेहनत मजदूरी कर घर आया और खाना खाकर रात आठ बजे अपनी चार वर्षीय पुत्री सिमरन व दो साल के पुत्र गगन को कमरे में चारपाई पर मच्छरदानी लगाकर सुला दिया। पति-पत्नी भी सो गए। सुबह पांच बजे मलखा पास के ही एक फार्म पर मजदूरी करने चला गया, जबकि पत्नी बाहर बर्तन धोने चली गई। इस दौरान सुबह साढ़े पांच बजे उसके बच्चों के कमरे में लगे केबल और बल्ब तेज वोल्टेज के कारण फट गए। केबल सहित बल्ब चारपाई पर जा गिरा। इससे कमरे में पड़ी चारपाई में आग लग गई। जब तक लोगों को घटना की जानकारी हुई तब तक काफी देर हो चुकी थी। दोनों बच्चे गंभीर रूप से झुलस गए थे। पूरा कमरा आग की गिरफ्त में आ चुका था। पड़ोसियों की मदद से जैसे-तैसे बच्चों को निकाला जा सका। जिसके बाद उनको पलिया इलाज के लिए लाया गया। जहां से दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। जिला अस्पताल से लखनऊ ले जाते समय दोनों बच्चों की मौत हो गई।
घर में आग लगने से बच्चों की झुलसने से मौत हुई है। पावर कारपोरेशन से मुआवजा तभी मिलता है, जबकि बिजली लाइन की वजह से कोई घटना हुई हो। संभावना है कि शार्ट सर्किट से आग लगी हो, जो उपभोक्ता के घर के अंदर की कमी को दर्शाता है, फिरभी मामले की जांच कराई जाएगी।
- आरके श्रीवास्तव, अधिशासी अभियंता-बिजली।