कांट (शाहजहांपुर)। क्षेत्र के गांव बलीपुर में शस्त्रों से लैस छह बदमाशों ने सोमवार रात दो मकानों पर धावा बोलकर पूरे परिवार को बंधक बनाने के बाद नगदी सहित लाखों का जेवर लूट लिया। डकैतों के जाने के बाद पीड़ित परिवार के शोर मचाने पर गांव वालों को वारदात का पता चला। मामले की तहरीर पुलिस को दे दी गई है।
गांव बलीपुर निवासी संतकुमार व उनके पड़ोसी अवधेश सोमवार की रात अपने-अपने मकान में अपने परिवार के साथ सो रहे थे। रात लगभग ढाई बजे शस्त्रों से लैस छह बदमाश दीवार फांदकर घर में घुस आए। दोनों के मकान में एक साथ घुसे डकैतों ने सोते समय ही संतकुमार व पड़ोसी अवधेश और उनके परिवार वालों को बंधक बना लिया। उन लोगों ने शोर मचाने की कोशिश की, तो उन्हें जान से मारने की धमकी देकर चुप करा दिया। दो लोग दोनों के परिवारवालों को बंधक बनाए उनके पास खड़े रहे। बाकी बदमाश घर में नकदी व जेवर खंगालते रहे। संतकुमार के घर से डकैतों ने दो हजार नगदी और पचास हजार रुपये कीमत का जेवर, वहीं अवधेश के मकान से चार हजार नगद व पचास हजार का जेवर बटोर लिया और फरार हो गए। बदमाशों के चले जाने के आधा घंटे बाद भी परिवार के लोग डरे-सहमे मकान के अंदर बैठे रहे। जब उन्हें एहसास हो गया कि अब लुटेरे चले गए, तब उन लोगों ने शोर मचाया। इसके बाद ग्रामीणों को मामले की जानकारी हुई। सूचना पर पुलिस ने भी मौका मुआयना कर मामले की जानकारी ली। पुलिस ने अभी रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
मारपीट कर नगदी लूटने का आरोप
शाहजहांपुर। थाना सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र के एक गांव निवासी युवक ने पड़ोसी गांव के एक युवक व उसके साथियों पर मारपीट कर रुपये लूटने का आरोप लगाया है। मामले की तहरीर दी गई है। पुलिस ने जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।
थाना सेहरामऊ दक्षिणी क्षेत्र के गांव पंथी निवासी कमलेश ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया है कि मंगलवार की रात आठ बजे वह मोहद्दीपुर जरूरी काम से गया था। अपने साथी महेश के साथ वहां से लौट रहा था। रास्ते में मोहद्दीपुर का एक युवक अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिल गया और उसे घेरकर खड़ा हो गया। विरोध करने पर गाली-गलौज कर मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि उन लोगों ने उसकी जेब से 17 हजार रुपये निकाल लिए और जान से मारने की धमकी देकर भाग गए। पीड़ित ने मामले की तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामले की जांच कर कार्रवाई का भरोसा दिलाया है।