बरेली। फेसबुक पर देश विरोधी पोस्ट और तिरंगे का अपमान करते हुए फोटो डालने से नाराज भारतीय राष्ट्रीय दल के लोग रविवार रात कोतवाली पहुंचे। उन्होंने आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट कराने की मांग की। पुलिस ने नहीं सुनी तो एसपी सिटी से शिकायत की है।
शाहजहांपुर निवासी लड़का वहां के इस्लामियां इंटर कॉलेज का छात्र है। उसकी फेसबुक वॉल पर पाकिस्तान परस्त पोस्ट बरेली में भी शेयर की गई तो लोगों का गुस्सा भड़क उठा। एक फोटो में हिंदुस्तान विरोधी बातें लिखी हुई हैं। सैनिकों की शहादत के बाद गम और गुस्से से लबरेज भारतीय राष्ट्रीय दल के पदाधिकारी अध्यक्ष अमित राठौर व कुछ मीडियाकर्मियों को साथ लेकर कोतवाली आए और आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट कराने की मांग की। नए कोतवाल पंकज वर्मा ने जानकारी की तो पता लगा कि इसी आरोपी के खिलाफ कुछ लोगों ने शनिवार को शाहजहांपुर सदर बाजार थाने में रिपोर्ट कराई है। इंस्पेक्टर ने बताया कि एक ही व्यक्ति और एक ही तरह के आरोप में दो रिपोर्ट नहीं हो सकतीं। तब ये लोग एसपी सिटी अभिनंदन सिंह से मिले। एसपी सिटी ने उनकी तहरीर ले ली। बताया कि वे इसे शाहजहांपुर भेजेंगे जो उसी केस का हिस्सा बन जाएगी। शाहजहांपुर पुलिस ही मामले में आरोपी के खिलाफ कार्रवाई करेगी। ब्यूरो