बरेली। तिलहर विधानसभा सीट से पीट पार्टी के टिकट पर चुनाव लड़ चुकी साध्वी कोयल गिरि उर्फ सीमा वर्मा को गंभीर रूप से झुलसी हालत में यहां ईशान अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मजिस्ट्रेट ने अस्पताल में साध्वी के बयान दर्ज किए। इसमें साध्वी ने पांच लोगों पर जानलेवा हमला करने और मिट्टी का तेल छिड़क कर आग लगा देने की बात कही है। साध्वी की हालत नाजुक बनी हुई है। परिवार ने तिलहर थाने में तहरीर सौंपी है। मां रामकली के मुताबिक, साध्वी का तिलहर के कुछ दबंग व्यवसायियों से जमीन को लेकर विवाद चल रहा है।
रामकली ने बताया कि साध्वी कोयल गिरि लखनऊ में झूलेलाल वाटिका में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने गई थी। शुक्रवार दोपहर बाद वह अपने समर्थकों के साथ ट्रेन से शाहजहांपुर लौट रही थी। लखनऊ से कुछ दूर निकलने के बाद आरक्षित कोच में मौजूद कुछ युवकों ने साध्वी पर हमला किया। विवाद के दौरान उन्हें आंझी शाहबाद स्टेशन के पास ट्रेन से नीचे खींचने की कोशिश भी की गई। यात्रियों के विरोध की वजह से हमलावर कामयाब नहीं हुए। कोयल गिरि शाम 7:45 बजे तिलहर स्टेशन पर ट्रेन से उतरीं और घर जाने के लिए रिक्शे पर बैठ गईं। रामकली के मुताबिक, कोयल ने उन्हें बदमाशों के पीछा करने की जानकारी दी। घर के पास वाली गली से पहले हमलावरों ने उन्हें फिर घेर लिया। जब वह रिक्शे से उतरकर घर की तरफ भागीं तो उनके ऊपर मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा दी। मजिस्ट्रेट को दिए बयान में साध्वी ने पांच हमलावरों के नाम खोले हैं।
तीन बीघा जमीन को लेकर है छह साल से विवाद
रामकली के अनुसार, 2012 से उनका व्यवसायी सुशील बाबू, अनुराग गुप्ता और पंकज गुप्ता से तीन बीघा जमीन को लेकर विवाद चल हा है। चौपड़ा राइस मिल के पास स्थित यह जमीन उन्हें पति से विरासत में मिली थी। इसे फर्जी तरीके से बेचना दिखाया जा रहा है। जूनियर सिविल जज के कोर्ट में यह मामला विचाराधीन है।
फोन पर मिल रही थीं धमकियां
साध्वी के समर्थक अमित लोधी के मुताबिक, साध्वी को अंजान नंबरों से फोन पर धमकियां भी मिल रही थीं। इसकी पुलिस से शिकायत भी की गई लेकिन पुलिस ने इसे गंभीरता से नहीं लिया। इधर, ईशान अस्पताल के डॉ. कौशल कुमार ने बताया कि साध्वी गंभीर रूप से झुलसी हैं। उनका इलाज किया जा रहा है। हालत फिलहाल तो गंभीर है। उधर, तिलहर पुलिस के मुताबिक, साध्वी के खिलाफ भी केस दर्ज हो चुके हैं, इनमें उन्हें जेल भी जाना पड़ा था।
साध्वी को झुलसी हुई अवस्था में निजी अस्पताल में भर्ती किया गया है। तिलहर थाने की पुलिस को कार्रवाई के लिए निर्देशित किया जा चुका है। - ध्रुव कांत ठाकुर, आईजी बरेली रेंज