चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खलीलगर्वी में एक युवक ने पड़ोसी के घर में घुसकर आग लगा दी। फिर वहीं गोली मारकर खुदकुशी कर ली। घटना की वजह स्पष्ट नहीं हो पाई। पुलिस ने मौके से दो तमंचे बरामद किए, जिनमें एक में खोखा और दूसरे में कारतूस फंसा मिला। सीओ सिटी सुमित शुक्ला, इंस्पेक्टर अशोक सोलंकी ने पुलिस टीम के साथ मौका मुआयना कर घटना की जानकारी ली।
चौक कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला खलीगर्वी निवासी मौलूद अली का 28 वर्षीय बेटा एहसन अली अपने पड़ोसी की बेटियों को दो साल से ट्यूशन पढ़ा रहा था। एक बेटी बीए और दूसरी 12वीं की छात्रा है। चार दिन पहले उसे यह कहते हुए ट्यूशन पढ़ाने से मना कर दिया गया कि बच्चियां अब बड़े क्लास में आ गईं हैं। इन दिनों छुट्टियां भी चल रहीं हैं। इसके बाद भी वह रविवार शाम चार बजे उनके घर पहुंच गया और दरवाजा खटखटाने लगा। घर में उस वक्त पड़ोसी की पत्नी दोनों बेटियां और बेटा मौजूद था। पत्नी ने दरवाजा खोलने से मना कर दिया। इसके बाद एहसन अली कहीं से सीढ़ी उठा लाया और दीवार में लगाकर मकान के अंदर उतर गया। उसके हाथ में मिट्टी तेल से भरी बोतल थी और गोट में दो तमंचे भी लगे थे। जैसे ही वह मकान के अंदर पहुंचा तो सभी भागकर दूसरी मंजिल पर चले गए और चैनल बंद कर लिया। इस पर एहसान ने उन पर मिट्टी का तेल फेंक दिया। वे लोग अंदर कमरे में भागे। इतने में एहसन ने आग लगा दी। इधर महिला ने अपने पति को फोन किया। लेकिन जब तक वह पहुंचते इससे पहले एहसन ने अपनी गर्दन के पीछे तमंचे से खुद को गोली मार ली। इससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। आग से चारपाई और बेड जल गया। मृतक के घरवाले कहीं शादी में गए हुए हैं। इसलिए वे लोग देर शाम तक मौके पर नहीं पहुंचे थे।
प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। फारेंसिक टीम के जरिये फिंगर प्रिंट लिए गए हैं। मामले की गहराई से जांच हो रही है। तहरीर मिलने पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
सुमित शुक्ला, सीओ सिटी