हैंडलूम एक्सपो में लगीं 18 कश्मीरियों की दुकानें हटवाईं
- फोटो : अमर उजाला, बरेली
बरेली। अरबन हाट में लगे हैंडलूम एक्सपो मेेले से मंगलवार को 18 कश्मीरी दुकानदारों की दुकानें हटवा दी गईं। इन्हें लेकर विहिप पदाधिकारियों ने खासा हंगामा किया। दुकानदारों पर पत्थरबाजों को फंडिंग का आरोप लगाया तो पुलिस पर इनकी तस्दीक न करने की तोहमत जड़ी।
विश्व हिंदू परिषद के महानगर अध्यक्ष दिव्य चतुर्वेदी टीम के साथ दोपहर बाद अरबन हाट पहुंचे और वहां कश्मीरी दुकानदारों की कपड़े व स्थानीय उत्पादों की दुकानों को लेकर विरोध जताया। कॉल करके सिटी मजिस्ट्रेट व बारादरी इंस्पेक्टर को बुला लिया। चतुर्वेदी ने कहा कि कश्मीर में पत्थरबाज सेना पर हमला करते हैं, सेना पर बम फेंके जा रहे हैं। ऐसे में वहां के लोगों को यहां व्यवसाय नहीं करने देंगे। ये लोग मैदानी इलाकों से कमाई करके वहां असामाजिक तत्वों को रकम देते हैं, जिससे देश की संप्रुभता को खतरा पैदा हो रहा है। दुकानदारों ने इन लोगों को समझाने की कोशिश की कि वह अपनी रोजी रोटी के लिए व्यवसाय कर रहे हैं और उनका आतंकियों से कोई मतलब नहीं है। वे लोग 11 महीने दूसरे शहरों में और एक महीने कश्मीर में रहते हैं। ये लोग नहीं माने तो उन्होंने दुकानों का सामान समेटना शुरू कर दिया। सामान लोड हो जाने पर ही पदाधिकारी मौके से हटे। मेले में बवाल न हो, इस वजह से पुलिस भी मौजूद रही।
हमले के दिन हटाए थे बैनर
मेला एक फरवरी से चल रहा है जो 28 फरवरी तक रहेगा। कई राज्यों के दुकानदार स्टाल लगाकर सामान बेच रहे हैं। हर दुकान के ऊपर संबंधित राज्य का नाम है। अब तक कश्मीरी दुकानों पर भी कश्मीर संबंधी बैनर लगे थे। विहिप नेताओं ने पुलिस को बताया कि 14 फरवरी को सेना पर हमले के बाद इन लोगों ने बैनर उतारकर अंदर छुपा लिए। अन्य दुकानदारों ने उन्हें सूचना दी। दुकानें खाली कराते वक्त ये बैनर दिखाई दिए।
‘ये दुकानदार कई साल से मेले में आ रहे हैं। शहर में ही किराए पर रहकर यहां दुकान चलाते हैं। किसी संदिग्ध गतिविधि में इनका नाम नहीं है। फिर भी झगड़े की आशंका देखते हुए वे खुद ही चले गए। शिकायतकर्ता भी संतुष्ट होकर निकल गए हैं।’
- कृष्णवीर सिंह, इंस्पेक्टर बारादरी