पॉक्सो में जेल काट रहा आरोपी, पीड़िता की हो गई शादी
- आरोपी के परिवार ने एसएसपी से की शिकायत
- नाबालिग की शादी करने के मामले में कार्रवाई की मांग
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली।
नाबालिग के अपहरण के मामले के जेल में बंद आरोपी की मां ने एसएसपी कलानिधि नैथानी से शिकायत की है। आरोपी की मां कहा है कि मेरा बेटा पॉक्सो में जेल काट रहा है क्योंकि पीड़िता नाबालिग थी। मगर जब पीड़िता नाबालिग थी तो उसके परिवार वाले शादी कैसे कर सकते हैं? एसएसपी ने मामले की जांच के आदेश दिए हैं।
कटघर निवासी सुधा रानी ने एसएसपी को दिए शिकायती पत्र में कहा कि मोहल्ले की एक लड़की को भगा ले जाने के आरोप में मेरा बेटा मोहित सागर जेल काट रहा है। उस समय लड़की को नाबालिग बताकर पॉक्सो की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। मगर अब लड़की के घरवालों ने उसे गणेशनगर में बहनोई के घर ले जाकर उसकी शादी कर दी है। सुधा ने कहा कि अगर लड़की नाबालिग थी तो उसकी शादी कैसे की गई, इस मामले में कार्रवाई कराई जाए। एसएसपी ने किला पुलिस को मामले में जांच के निर्देश दिए हैं।