पुराना रोडवेज के पास स्थित एक टूर एंड ट्रेवेल्स एजेंसी ने गोरखपुर के करीब 80 लोगों से वीजा और एयर टिकट के नाम पर लाखों की ठगी कर ली। ठगी के शिकार दर्जनों लोगों ने एसपी सिटी को बताया कि नौकरी के लिए विदेश जाने के लिए अखबार में ट्रेवेल्स एजेंसी का विज्ञापन देखकर उन्होंने किस्तों में रुपया दिया था। जब लोग बरेली पहुंचे तब पता चला कि एजेंसी लाखों की ठगी करके अपना कार्यालय बंद करके भाग चुकी है। एसपी सिटी रोहित सिंह के निर्देश पर कोतवाली में ठगी का मुकदमा दर्ज करवाया गया।
गोरखपुर निवासी असलम अंसारी वेल्डिंग का काम करते हैं। वह गोरखपुर में एक निजी फैक्ट्री में काम करते हैं। उनके जैसे दर्जनों लोग इस फैक्ट्री में काम करते हैं। उन्होंने बताया कि अखबार में विज्ञापन पढ़कर उन्हें पता चला कि विदेश में वेल्डिंग, मशीनों पर काम करने वाले लोगों की जरूरत है। इस विज्ञापन को पढ़ने के बाद उन्होंने इम्पिरियल कॉम्पलेक्स स्थित अरब ट्रेवेलर्स के कार्यालय में कपिल जुनेजा से फोन करके संपर्क किया। उन्हें जार्डन, अमान सहित कई देशों में नौकरी का ख्वाब दिखाया गया।
एयरपोर्ट अथॉरिटी ने बताया कि फर्जी हैं दस्तावेज
लोगों ने बताया कि वीजा और टिकट के लिए कई मदों का हवाला देकर 80 हजार लिए गए। गोरखपुर और दिल्ली एयरपोर्ट से उनकी उड़ान 18 जून को जानी थी। नियत समय पर उनके घरों में डाक से दस्तावेज भी पहुंच गए। गोरखपुर एयरपोर्ट से जब उन्होंने जानकारी की तो उन्हें बताया गया कि उनके दस्तावेज फर्जी हैं। जिसके बाद ठगी के शिकार लोगों ने बरेली पहुंचना शुरू किया।
पुलिस ने दो दिन तक नहीं की सुनवाई
लोगों ने बताया कि वह भटकते रहे, लेकिन पुलिस ने सुनवाई नहीं की। अगर पुलिस समय पर सुनवाई करती तो शायद ठग को पकड़ा भी जा सकता था। कॉम्पलेक्स में ठग ने किराये पर दुकान ली थी। यह कार्यालय फिलहाल बंद है।
कार्यालय में लटका ताला, दर्जनों लोग पहुंचे
सोमवार को गोरखपुर के अकबर अंसारी, नसीमुद्दीन, विपिन, राजकुमार, इदरीश अंसारी सहित दर्जनों लोग कार्यालय में पहुंचे। जिसके बाद एसपी सिटी ने मुकदमा दर्ज करवाने के निर्देश जारी किए गए। अब कोतवाली पुलिस ठग की तलाश कर रही है।
ठगी के शिकार हुए लोगों ने मेरे सामने मामला रखा है। कोतवाली में मुकदमा दर्ज करवाने के बाद
ठग की तलाश की जा रही है। जल्द उसको पकड़ लिया जाएगा।
- रोहित सिंह सचवाण, एसपी सिटी