बहेड़ी। नाबालिग बेटी से दुष्कर्म के मामले में पिता ने 27 दिन बाद थाने पहुंचकर रिपोर्ट दर्ज कराई। पिता के मुताबिक धमकियां मिलने से वह डरा हुआ था इसलिए पुलिस के पास जाने की हिम्मत नहीं जुटा सका। बेटी से सामूहिक दुष्कर्म होने से इंकार करते हुए उन्होंने सिर्फ एक व्यक्ति को आरोपी बताया है।
किशोरी के पिता ने अपनी तहरीर में कहा है कि 23 दिसंबर की सुबह करीब पांच बजे वह बेटी को घर में अकेला छोड़कर दूध बांटने गया था। पत्नी की मौत हो चुकी है। मौका पाकर योगेंद्र नाम का युवक घर में घुस आया और बेटी का मुंह दबाकर दुष्कर्म किया। किसी को बताने पर उसे व पिता को जान से मारने के लिए धमकाया। घटना के बाद किशोरी उदास रहने लगी। काफी समझाकर उन्होंने पूछा तो बेटी ने आपबीती बताई। इसके बाद शनिवार को उन्होंने योगेंद्र के खिलाफ तहरीर लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट नहीं लिखी। रविवार सुबह किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म का हल्ला मचा तो अधिकारी सक्रिय हो गए। इसके बाद पीड़िता के पिता थाने पहुंचे। उन्होंने बेटी से सामूहिक दुष्कर्म की घटना इंकार किया और फिर शनिवार रात दी गई तहरीर के आधार पर योगेंद्र के खिलाफ दुष्कर्म और पाक्सो एक्ट के तहत रिपोर्ट दर्ज की गई। मेडिकल के लिए जिला अस्पताल भेजी गई पीड़िता को सोमवार को दोबारा बुलाया गया है। वहीं, इंस्पेक्टर बहेड़ी दलवीर सिंह ने आरोपी के घर दबिश दी लेकिन वह फरार मिला।
सामूहिक दुष्कर्म नहीं हुआ है, सिर्फ एक आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। मामले की जांच शुरू कर दी गई है। सोमवार को किशोरी का मेडिकल कराया जाएगा। - अशोक कुमार, सीओ बहेड़ी