साइबर ठगों ने कई बैंक खाता धारकों को लगाया चूना
सुभाषनगर और बारदरी थानों में दर्ज हुए साइबर ठगी के मामले
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। साइबर ठगी के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। साइबर ठग फोन करके खुद को बैंक अफसर बताकर एडीएम का पासवर्ड हासिल कर लेते हैं और फिर बैंक खाते से रकम उड़ा लेते हैं। बृहस्पतिवार को सुभाषनगर और बारादरी थाने में ऐसे दो मामले दर्ज किए गए।
आधार से लिंक करने का झांसा देकर 45 हजार की लगाई चपत
बीडीए कॉलोनी में रहने वाले हरीशंकर के पास 26 मार्च को फोन आया। कहा गया कि बैंक उनका खाता आधार से लिंक कर रहा है। लिहाजा उनके एटीएम की सोलह डिजिट की संख्या और पासवर्ड की जरूरत है। हरीशंकर ने इसकी जानकारी दे दी। इसके बाद साइबर ठग ने उनके खाते से 45 हजार रुपये निकाल लिए। पीड़ित ने इसकी शिकायत एसएसपी कार्यालय में की थी। जांच के बाद बृहस्पतिवार को सुभाषनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।
पासबुक में एंट्री कराई तो बैलेंस निल होने का पता चला
चक महमूद के एजाज खान के मुताबिक उनका बैंक ऑफ बड़ौदा श्यामगंज शाखा में खाता है। उसमें 41,070 रुपये जमा थे। उन्होंने अपनी पासबुक में एंट्री कराई तो पता चला कि खाते में बैलेंस निल है। उन्होंने बैंक के स्टाफ से पता किया, लेकिन कोई कुछ नहीं बता सका। उन्होंने बारादरी थाने में धोखाधड़ी की रिपोर्ट अज्ञात के खिलाफ दर्ज कराई है।
साइबर ठगी के मामलों में खाताधारक की एक गलती का फायदा ही जालसाज उठाते है। लोगों का इस मामले में जागरूक होना जरूरी है। जिन दो मामलों को दर्ज किया गया है, उनके आरोपियों को पकड़ने की कोशिश की जा रही है। - रमेश भारतीय, एसपी क्राइम