बरेली। बारादरी पुलिस का एक गंभीर मामला सामने आया है। विवेचक ने फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र के आधार पर फ्राड कंपनी संचालकों के खिलाफ दर्ज कराए गए मुकदमे में एफआर लगा दी है। पीड़ित की शिकायत पर एसपी क्राइम ने रिपोर्ट सीओ तृतीय से मांगी है।
बारादरी इलाके में भूमि शृंगार रियल स्टेट इंफ्रा लिमिटेड का दफ्तर था। इस कंपनी में फरीदपुर के गौसगंज सराय निवासी अफसर खां ने करीब 60 लाख रुपये निवेश किए थे। अफसर के मुताबिक उन्होंने दो अलग-अलग एक लाख व डेढ़ लाख की एफडी कराई थी, जिसका समय पूरा होने के बावजूद कंपनी संचालकों ने भुगतान नहीं किया, बल्कि दफ्तर ही बंद कर दिया। पिछले साल अफसर खां ने थाना बारादरी में कंपनी के डायरेक्टर संतराम, संतोष कुमार और दयाशंकर के खिलाफ धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। शुरू में इस मुकदमे की विवेचना रुहेलखंड चौकी इंचार्ज ने की थी। उनके ट्रांसफर होने के बाद विवेचना एसआई मोहम्मद नसीम खां को दे दी गई थी। इसके बाद अफसर कई बार बारादरी थाने भी गए। मगर विवेचक ने उनके बयान दर्ज नहीं किए।
आरोप है कि इस बीच दयाशंकर व संतोष कुमार ने अफसर खां का फर्जी मृत्यु प्रमाण पत्र विवेचक को दे दिया। विवेचक ने अफसर खां 14 फरवरी 2019 को एफआर लगा दी। अफसर खां के मुताबिक उन्हें इसकी जानकारी कोर्ट में जाने पर हुई। बुधवार को अफसर खां ने एसपी क्राइम रमेश कुमार भारतीय से इस मामले की शिकायत की। एसपी क्राइम ने रिपोर्ट सीओ तृतीय से मांगी है।