बरेली। ठिरिया के पूर्व चेयरमैन के बेटे को गोली मारने का आरोपी लफड़ा सुनियोजित तरीके से कोर्ट में सरेंडर हो गया। उसने घटना के अगले ही दिन कोर्ट में सरेंडर एप्लीकेशन डाली और उसके बाद सरेंडर कर गया। जबकि पुलिस उसे उसके ठिकानों पर खोजती रह गई।
पूर्व चेयरमैन स्व. सफदर खां के पुत्र 42 वर्षीय रईस मियां के साथ सोमवार रात फायरिंग की घटना हुई थी। उनके भाई मोहम्मद मियां ने रिपोर्ट कराई कि भाई ने गांव निवासी शाहिद उर्फ लफड़ा को पचास हजार रुपये उधार दिए थे। सोमवार को जब वह अपने भाई के साथ रुपये मांगने गए तो लफड़ा के पिता कल्लू खां ने बेटे से कहा कि यह बहुत पैसे-पैसे करता है, इसे गोली मार दे। तब लफड़ा ने रईस पर फायर कर दिया। जानलेवा हमले और अमानत में खयानत की रिपोर्ट करा दी थी। इसके बाद से पुलिस लफड़ा की तलाश में उसके पैतृक गांव पदारथपुर और अन्य स्थानों पर तलाश कर रही थी। घटना के अगले दिन ही सरेंडर एप्लीकेशन डालकर लफड़ा बुधवार को कोर्ट में हाजिर हो गया। एसीजेएम 8 कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया। इंस्पेक्टर ने बताया कि पुलिस अब लफड़ा को रिमांड पर लेकर तमंचा बरामद करेगी।