बरेली। बुधवार को बारादरी इलाके में बच्चे की हत्या करके लाश फेंक दी गई थी, बृहस्पतिवार की रात इसी तरह दसवीं के छात्र की लाश बिथरी इलाके में नहर के किनारे रेत भरे कट्टों के नीचे दबी मिली। कैंट इलाके में रहने वाला छात्र मंगलवार से लापता था। उसके परिवार वालों ने पुरानी रंजिश में उसका अपहरण कर हत्या करने का आरोप लगाया है।
नकटिया की चेतना कॉलोनी में रहने वाले मदन सैफी की ट्रांसपोर्ट नगर में वर्कशॉप है जहां वह ट्रकों की बॉडी बनाने का काम करते हैं। उनके बेटे अयान ने नकटिया के जवाहर मीना इंटर कॉलेज में इसी साल नवीं की परीक्षा पास की थी। मदन की बेटी इरम के मुताबिक मंगलवार रात साढ़े नौ बजे अयान स्कूटी लेकर होटल से चिकन लेने निकला था। उसके बाद वह घर नहीं लौटा। स्कूटी भी कहीं नहीं मिली। उन्होंने बुधवार को अयान की गुमशुदगी की सूचना भी दर्ज कराई थी। बृहस्पतिवार शाम किसी ग्रामीण ने सूचना दी कि बिथरी इलाके में नहर किनारे से किसी बच्चे का शव पड़ा है। शव की शिनाख्त अयान के तौर पर हुई जिसके बाद गुमशुदगी को उसके अपहरण और हत्या में तरमीम कर लिया गया। पुलिस के मुताबिक अयान की लाश काफी फूली हुई थी। उसकी हत्या कैसे की गई, यह शुक्रवार को पोस्टमार्टम के बाद पता लग सकेगा।