बरेली। ट्रांसपोर्ट कंपनी में काम करने वाले कर्मचारी का बेटा लापता हो गया है। कैंट थाने में गुमशुदगी दर्ज कर पुलिस उसकी तलाश कर रही है। पड़ोसी युवक पर संदेह जताया गया है।
नकटिया की चेतना कॉलोनी निवासी मोईन सैफी टीपी नगर की एक ट्रांसपोर्ट कंपनी में काम करते हैं। उनका बेटा अयान ठिरिया निजावत खां के जवाहर मीना इंटर कॉलेज में आठवीं कक्षा का छात्र है। मंगलवार रात नौ बजे अयान घर से स्कूटी लेकर निकला था। कहा था कि होटल में खाना लेने जा रहा है। अयान घर नहीं पहुंचा तब परिजन उसे ढूंढने होटल पहुंच गए। होटल मालिक ने बताया कि उनका बेटा यहां आया ही नहीं। परिवार ने पड़ोसी युवक पर संदेह जताया है। आरोप है कि कुछ समय पहलेे युवक ने उनकी बेटी को नौकरी दिलाने का झांसा देते हुए एक लाख रुपये ठग लिए थे। इसकी रिपोर्ट इज्जतनगर थाने में दर्ज है। तब से आरोपी उनके परिवार से बुराई मानता है। कैंट इंस्पेक्टर अशोक पाल ने जानकारी जुटाई तो पता लगा कि अयान एक बार पहले भी घर से चला गया था। वह लौटा तो भी एक युवक पर आरोप लगा था। ब्यूरो