बरेली। सोमवार को नगर आयुक्त अपने कार्यालय जाकर कामकाज देखेंगे। इसमें व्यवधान न हो, इसके लिए प्रशासन के निर्देश पर छुट्टी से लौटे एसएसपी मुनिराज जी. ने खास बंदोबस्त किए हैं। सुबह आठ बजे से नगर निगम को छावनी जैसा बना दिया जाएगा।
सीओ सिटी सर्किल के तीनों थानों की पुलिस मय प्रभारियों के यहां मौजूद रहेगी। इसके साथ ही पुलिस लाइन के स्टाफ की क्यूआरटी (क्विक रेस्पांस टीम) भी सुरक्षा के लिहाज से तैनात की जाएगी। सीओ सिटी, सदर कोतवाल यहां मौजूद रहेंगे तो बाकी अधिकारी भी पल पल की मॉनीटरिंग करते रहेंगे। मौके पर दमकल को भी खड़ा किए जाने के निर्देश हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके। यहां मौजूद फोर्स के पास दंगा निरोधक साजोसामान भी मौजूद रहेगा। सीओ सिटी कुलदीप कुमार ने बताया कि प्रशासन के निर्देश का पूरा पालन किया जाएगा। अगर किसी ने हंगामा या उपद्रव करने की कोशिश की तो उससे सख्ती से निपटा जाएगा। रिपोर्ट भी दर्ज कराई जाएगी।