बरेली। आरोपी के शक में होमगार्ड ने दुकान के कर्मचारी को पीटा और चेन खींचने की कोशिश की। सूचना देने पर भी पुलिस नहीं आई तो लोगों ने सीओ की गाड़ी रोककर होमगार्ड को उनकी गाड़ी में बैठा दिया। बारादरी पुलिस ने होमगार्ड का जिला अस्पताल में मेडिकल कराया है।
मठ लक्ष्मीपुर के शशिकांत कपड़े की दुकान पर काम करते हैं। पहले वह संजय नगर में रहते थे। बृहस्पतिवार को छुट्टी के कारण शशिकांत संजयनगर गए थे और शाम सात बजे दोस्तों के साथ पेट्रोल पंप के पास चाय पी रहे थे। कुछ देर बाद होमगार्ड मुकेश उनके पास आया। मुकेश ने उन्हें भूरा समझकर कई बार आवाज दी। शशिकांत ने ध्यान नहीं दिया तो उसने मारपीट शुरू कर दी। आरोप है कि मुकेश ने उनके गले पर हाथ मारकर चेन छीनने की कोशिश की। यह देखकर वहां हंगामा हो गया। भीड़ होमगार्ड की दबंगई का विरोध करने लगी। एक व्यक्ति ने बारादरी पुलिस को फोन किया लेकिन कोई नहीं आया। माडल टाउन चौकी इंचार्ज राकेश कुमार का भी फोन नहीं उठा। इसी बीच वहां से सीओ थर्ड पीतमपाल सिंह गुजरे तो भीड़ ने उनकी गाड़ी रोक ली और होमगार्ड को उनकी गाड़ी में बैठा दिया। उन्होंने उसे बारादरी पुलिस को सौंप दिया। सीओ ने बताया कि होमगार्ड नशे की हालत में लोगों से बदतमीजी कर रहा था। उसका मेडिकल कराया गया है। कार्रवाई के लिए जिला कमांडेंट को लिखा जाएगी।