बहेड़ी। रामपुर से आए बरातियों की कार बहेड़ी में बाइक से टकरा गई। इसको लेकर हुई कहासुनी के बाद बाइक सवार युवकों ने अपने साथियों को फोन कर बुला लिया और कार सवार लोगों को जमकर पीटा। बाइक सवार युवकों के खिलाफ बहेड़ी थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
रामपुर के खीलल अहमद अपने पुत्र जलील की बरात लेकर भौना गांव आए थे। बारातियों की दो कारें किसी काम से बहेड़ी की ओर जा रही थी। इसी दौरान सामने से आ रही बाइक से उनकी कार टकरा गई। इस पर उनकी कार सवार युवकों से कहासुनी हो गई। बाइक सवार युवकों ने अपने साथियों को फोन करके बुला लिया और बरातियों को जमकर पीटना शुरू कर दिया। लड़की पक्ष के लोग बचाने आए तो युवकों ने उनकी भी पिटाई कर दी। जिसमें आसिफ का हाथ तोड़ टूट गया और दर्जनों बराती चोटिल हो गए। पीड़ित पक्ष ने अज्ञात लोगों पर तमंचे की नोक पर
11 हजार रुपये नकदी, सोने चांदी के आभूषण व मोबाइल लूट कर भागने का आरोप भी लगाया। थाने पहुंचे घायलों को इलाज के लिए सीएचसी भिजवाया गया। गांव में पुलिस तैनात कराकर शादी समारोह का कार्यक्रम निपटाया गया। उधर दूल्हे के पिता की तहरीर पर अज्ञात लोगों के खिलाफ मारपीट व लूट की रिपोर्ट दर्ज की गई है। आरोपियों की तलाश में पुलिस दबिश दे रही है। ब्यूरो