फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

पब्लिक ने पथराव किया तो पुलिस ने बरसाईं लाठियां

विज्ञापन
विज्ञापन
बरेली। संजयनगर की ब्रह्मपुरा बस्ती में बिल्डर और मोहल्ले वालों के बीच चल रहे रास्ते के विवाद ने सोमवार रात उग्र रूप ले लिया। भराव डालने वाले ट्रैक्टर ट्राली को सीज करने से गुस्साई भीड़ ने जाम लगाकर पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। पहले थाना घेरा और फिर होली चौक जाम किया। किसी ने पथराव किया तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर मौके से खदेड़ दिया। बाद में चार महिलाओं को हिरासत में ले लिया गया। देर रात पुलिस इनके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करने की तैयारी में थी।
विज्ञापन

ब्रह्मपुरा बस्ती में करीब महीने भर से विवाद चल रहा है। बिल्डर ने बस्ती के सिरे पर बड़ा भूखंड खरीद रखा है और वहां कॉलोनी बनाने का प्लान है। बस्ती के लोग अभी तक प्लॉट से गुजरते रहे थे। बस्ती वालों का दावा था कि उनका रास्ता इसी प्लॉट में होकर आगे के रास्ते से मिलता है। शुरू में दोनों पक्षों में तीखी तकरार हुई। बाद में मेयर उमेश गौतम, शहर विधायक अरुण सक्सेना के हस्तक्षेप से बिल्डर और बस्ती वालों में बात हुई। पुलिस की मध्यस्थता में बिल्डर ने करीब आठ फुट का रास्ता देने की भी सहमति दे दी। कुछ दिन मामला ठंडा रहा। अब बस्ती वाले इस बात पर विरोध करने लगे हैं कि रास्ता सीधा न होकर टेड़ा मेड़ा दिया जा रहा है, जिससे कोई वाहन नहीं आ-जा सकेगा। सोमवार को बस्ती के ही कुछ लोग अपने प्लॉट में मिट्टी का भराव डाल रहे थे। इससे बिल्डर के प्लॉट का रास्ता अवरुद्ध हो रहा था। बताते हैं कि पुलिस से अवैध खनन की शिकायत हुई और शाम के वक्त पुलिस ने रामू यादव की मिट्टी भरी ट्रैक्टर-ट्राली सीज कर दी। इसके विरोध में रामू के परिवार के साथ बस्ती की कई महिलाएं बारादरी थाने पहुंच गईं। थोड़ी देर में भीड़ बढ़ी और उन्होंने थाने का घेराव कर लिया। बस्ती वालों का कहना था कि ट्रैक्टर ट्राली छोड़ दिया जाए। पुलिस ने इनकी बात नहीं सुनी। आरोप है कि एक दरोगा ने बिल्डर को सही ठहराकर इन्हीं लोगों पर कार्रवाई की चेतावनी दी। इसके बाद लोग चले आए और शाम साढ़े सात बजे संजयनगर में सड़क घेरकर जाम लगा दिया। इन लोगों ने नारेबाजी की तो बारादरी इंस्पेक्टर कृष्णवीर पुलिस के साथ पहुंच गए। थोड़ी देर बाद सीओ पीपी सिंह समेत आसपास के सभी थानों की पुलिस आ गई। चूंकि जाम लगाने वालों में महिलाएं आगे थीं, इसलिए महिला पुलिस को भी बुला लिया गया। भीड़ में से किसी ने पुलिस पर पथराव किया तो पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इससे भीड़ में अफरातफरी मच गई। आसपास की दुकानें भी बंद कर दी गईं। लाठियां गलने से शारदा देवी, रानी यादव, ऊषा मौर्य, गीता यादव व गुड्डा को हल्की चोटें आईं। इनमें से ऊषा, माया देवी, शांति देवी व प्रभा को पुलिस थाने ले गई। थोड़ी देर में एसपी सिटी भी पहुंच गए। मौके पर पुलिस तैनात कर दी गई है। बस्ती के निवासी अनिल मौर्य व नरेश आदि ने बताया कि वे पुलिस की एकतरफा कार्रवाई के खिलाफ सीएम से मिलने लखनऊ जा रहे हैं।

बस्ती वालों को बिल्डर ने उनकी मांग से ज्यादा सड़क छोड़ने की बात कह दी है। बावजूद नेतागिरी की जा रही है। बिना किसी परमीशन बालू का भराव किया जा रहा था। फिर कुछ लोगों ने भीड़ को उकसाकर जाम लगवाया और पुलिस पर पत्थर फिंकवाए। लाठियां फटकार कर रोड खाली कराना पड़ा। कुछ लोगों को नामजद करते हुए 50 से 60 अज्ञात लोगों पर मॉडल टाउन चौकी प्रभारी राकेश कुमार की ओर से रिपोर्ट दर्ज की जा रही है।- अभिनंदन सिंह, एसपी सिटी
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें