बरेली। शराब के अवैध धंधेबाजों ने केंद्र सरकार के नारा बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ को अपने बचाव का हथियार बना लिया। खुलासा इसका तब हुआ जब अभियान के दौरान चेकिंग कर रही कोतवाली पुलिस ने एक डीसीएम को पकड़ लिया। डीसीएम में हरियाणा की पांच सौ पेटी शराब बरामद हुई। कोतवाली में डीसीएम समेत दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है।
एसएसपी मुनिराज जी. के निर्देश पर मंगलवार रात करीब दस बजे से समूचे जिले में शराब के अवैध धंधेबाजों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया गया। रात करीब 10:30 बजे पुरानी पुलिस लाइन के सामने चेकिंग कर रहे बिहारीपुर चौकी इंचार्ज देवेंद्र सिंह ने मुखबिर की सूचना पर किला की तरफ से आ रही एक डीसीएम को रोका। उन्होंने देखा तो डीसीएम के पीछे बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ लिखा था। डीसीएम में हरियाणा की पांच सौ पेटी (24000) पौवा शराब थी। पुलिस ने डीसीएम में बैठे चालक समेत दो लोगों को गिरफ्तार कर लिया। चालक हरियाणा के हिसार जिले के सदर थाना क्षेत्र के संडवा का रहने वाला जोगेंद्र और उसके साथ पकड़ा गया राजस्थान के चुरू जिले के राजगढ़ क्षेत्र के सुरतापुरा निवासी संदीप है।