बरेली। इज्जतनगर पुलिस लूट की रिपोर्ट लिखने के बजाय पीड़ित पक्ष को धमका रही है। लूट के शिकार हुए युवक के परिजन ने एसपी क्राइम से मिलकर इंसाफ की गुहार लगाई।
भोजीपुरा थाना क्षेत्र के ग्राम भूड़ा निवासी मुकेश शहर में एक दुकान पर नौकरी करता है। 18 मई की रात करीब 10 बजे वह बाइक से अपने घर लौट रहा था। रास्ते में नैनीताल रोड पर कर्मपुर चौधरी के पास पहले से छिपे बदमाशों ने अचानक साइकिल मुकेश की बाइक पर फेंक दी, जिससे वह गिर गए। तभी बदमाशों ने पीटना शुरू कर दिया। मुकेश के बेहोश होने पर उनकी जेब में रखे 15 हजार रुपये और घरेलू सामान लूटकर बदमाश भाग गए। घटना की सूचना मिलने पर पहुंची इज्जतनगर पुलिस ने घायल मुकेश को एक निजी अस्पताल ले जाकर भर्ती करा दिया। इसका पता लगने पर परिवार वाले भी पहुंच गए। मुकेश की पत्नी चांदनी की ओर से थाना इज्जतनगर में तहरीर दी गई थी। मगर सोमवार शाम तक पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की। पुलिस लूट की घटना के बजाय हादसा बता रही है। लूट की रिपोर्ट लिखने को कहने पर एक दरोगा ने गालियां देते हुए धमका दिया। परेशान परिवार वाले सोमवार को एसपी क्राइम से मिले और पूरी जानकारी दी। उन्होंने मामले की जांच सीओ सिटी को दी है। उधर, घायल मुकेश को प्राइवेट अस्पताल से निकालकर जिला अस्पताल में भर्ती करा दिया गया।