सीबीगंज (बरेली)। परसाखेड़ा रोड नंबर तीन स्थित वीएन इंडस्ट्री में ऑक्सीजन सिलिंडर में धमाके से एक कर्मचारी की मौत हो गई थी। पांच दिन बाद मृतक की पत्नी ने फैक्टरी मालिक समेत दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट कराई है।
15 मई की शाम ऑक्सीजन सिलिंडर में गैस रीफिलिंग के दौरान फिलिंग यूनिट में सिलिंडर फट गया था। इस हादसे में शाहजहांपुर निवासी कर्मचारी शैलेंद्र पांडेय की मौके पर ही मौत हो गई थी। घटना के पांच दिन बीतने पर भी पुलिस ने कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं की थी। शुरू में प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाने वाला मृतक का परिवार भी खामोश था। मगर सोमवार देर शाम मृतक की पत्नी आरती की तहरीर पर फैक्टरी मालिक और प्रबंधक के खिलाफ धारा 304 की रिपोर्ट कर ली गई। आरती ने पुलिस को दी तहरीर में प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। आरती के मुताबिक पति ने उसे घटना से पहले बताया था कि फैक्ट्री में सिलिंडर भरने की व्यवस्था बहुत खराब स्तर की है। उसके पति ने फैक्टरी मालिक से कई बार मौखिक रूप से इसकी शिकायत भी की थी लेकिन उन्होंने इंतजाम बेहतर करने पर कोई ध्यान नहीं दिया। इस कारण यह भीषण हादसा हो गया। आरती का आरोप है कि फैक्टरी मालिक और प्रबंधक की लापरवाही के चलते यह हादसा हुआ। इंस्पेक्टर राजकुमार भारद्वाज ने बताया कि तहरीर मिलते ही रिपोर्ट लिख ली गई है, जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।