देवरनिया (बरेली)। रविवार को देवरनिया थाने में गोद ली हुई बेटी को पांच लाख में बेचने और पचास हजार रुपये बयाना लेने का मामला सामने आया था। पुलिस ने लड़की की असली मां की ओर से रिपोर्ट दर्ज कर गोद लेने वाले पिता को जेल भेज दिया। सोमवार को बेटी को मेडिकल परीक्षण के लिए बरेली लाया गया। लड़की के कोर्ट में धारा 164 के तहत बयान होंगे। पुलिस ने दो खरीदारों को ट्रेस किया है।
देवरनिया क्षेत्र के एक दंपती ने अपने बिथरी चैनपुर इलाके के रिश्तेदार को वर्ष 2007 में अपनी चार साल की बेटी गोद दे दी थी जो अब 16 साल की है। गोद लेने वाले माता-पिता से पीछा छुड़ाकर असली पिता के घर पहुंची लड़की ने बताया था कि किसी बुजुर्ग व्यक्ति से उसकी शादी करने का पांच लाख में सौदा हुआ है, पचास हजार एडवांस मिल चुके हैं। असली पिता ने अपने रिश्तेदार शरीफ अहमद और उसकी पत्नी रईस बानो के खिलाफ देवरनिया थाने में रिपोर्ट कराई थी। एसपी देहात संसार सिंह ने आरोपियों पर कार्रवाई के आदेश दिए थे।
मंगलवार को पुलिस ने लड़की को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा। चूंकि लड़की पढ़ी लिखी नहीं है, इसलिए इसके सहारे पुलिस उसकी उम्र का निर्धारण करने की कोशिश करेगी। इसके बाद उसके कोर्ट में धारा 164 के बयान कराए जाएंगे। इंस्पेक्टर ने बताया कि शादी किससे करानी थी? ये अभी पता नहीं चल सका है पर शरीफ के भिंडौलिया गांव निवासी बहनोई और फरीदापुर इज्जतनगर निवासी रिश्तेदार ही यह सौदा कर रहे थे। इस तरह के साक्ष्य मिल रहे हैं। पूरी पुष्टि के बाद इन दोनों के नाम भी विवेचना में शामिल करेंगे। साथ ही दूल्हे व अन्य लोगों की जानकारी जुटाकर उन्हें भी आरोपी बनाएंगे।