बिथरी चैनपुर। हाईवे पर नवदिया झादा चौराहे पर बड़ा हादसा बच गया। तेल से भरे टैंकर ने हाईवे पार करने की जल्दी में पहले ट्रक और फिर यूपी 100 की गाड़ी को टक्कर मार दी। पीआरवी पर तैनात स्टाफ ने कूदकर जान बचाई। ड्राइवर टैंकर छोड़कर भाग गया।
मंगलवार शाम बरेली से इंडियन ऑयल का टैंकर पेट्रोल लेकर बीसलपुर जा रहा था। टैंकर के केबिन में सवारियां भी बैठी हुई थीं। नवदिया झादा चौराहे पर ड्राइवर ने चौराहा पार करने की जल्दी में तेजी से टैंकर बढ़ा दिया। मुरादाबाद से कागज लेकर आ रहा ट्रक इससे भिड़ गया। ट्रक ड्राइवर फिरासत निवासी मुरादाबाद घायल हो गया। इसके बाद अनियंत्रित टैंकर ने पास में ही चौराहे पर खड़ी पीआरवी में टक्कर मार दी। इस दौरान पीआरवी में एचसीपी सुभाष चंद, आरक्षी बलविंदर, ड्राइवर रामभरोसे लाल मौजूद थे। तीनों ने टैंकर को सामने से आते देख गाड़ी से कूदकर जान बचाई। सूचना पर एसएचओ वीरेंद्र सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल को इलाज के लिए सीएचसी भेज दिया।