बिथरी चैनपुर के गांव रसुइया में दो बाइक से आए कुछ युवक घर के बाहर खेल रही दो साल की बच्ची पर तेजाब फेंककर फरार हो गए। इस घटना से पूरा गांव सकते में आ गया। गांव वालों ने घेराबंदी कर युवकों को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वे हाथ नहीं आए। बच्ची की मां की ओर से एफआईआर दर्ज कराई गई है। बच्ची का सरकारी अस्पताल में इलाज कराया गया। शुरुआती छानबीन के बाद पुलिस का मानना है कि हमलावर युवकों के निशाने पर कोई और था, लेकिन गलती से तेजाब बच्ची पर जा गिरा।
गांव रसुइया में रहने वाले ट्रक ड्राइवर मोरपाल की दो साल की बेटी सूवी मंगलवार दोपहर को घर के बाहर खेल रही थी। अचानक उसके चीखने की आवाज सुनकर मोरपाल की पत्नी खुशबू दौड़ती हुई उसके पास पहुंची तो बच्ची को जमीन पर पड़ा पाया। वह बुरी तरह तड़प रही थी। उसके चेहरे के कुछ हिस्से, कंधे और पैर पर तेजाब से झुलसने के निशान थे। थोड़ी ही देर में गांव के लोग भी इकट्ठे हो गए। बच्ची को सरकारी अस्पताल लाकर इलाज कराया गया। गांव के लोगों के मुताबिक दो मोटर साइकिलों पर गांव में घूम रहे कुछ अनजान युवक किसी का पता पूछ रहे थे। पुलिस गांव वालों से पूछताछ कर लड़कों का हुलिया जानने की कोशिश कर रही है। सीएचसी के प्रभारी डॉ. मयंक मिश्रा ने बच्ची के इलाज के बाद केमिकल के जरिये झुलसे हुए हिस्से का नमूना भी लिया है।
हम जांच कर रहे हैं कि युवकों का कहीं किसी और पर तो तेजाब डालने का इरादा तो नहीं था। उन्हें ट्रेस करने की भी कोशिश की जा रही है। केस दर्ज कर लिया गया है। - उमेश कुमार सोलंकी, इंस्पेक्टर बिथरी चैनपुर