लखीमपुर खीरी। जिले में चोरी की वारदातों का क्रम जारी है। शुक्रवार की रात चोर सदर कोतवाली क्षेत्र में एक, थाना नीमगांव के दो और थाना सिंगाही के एक घर से लाखों की नकदी-जेवर और थाना फूलबेहड़ के पास से एक मोबाइल शॉप का शटर तोड़कर हजारों रुपये का सामान चोरी कर ले गए। इनमें से किसी भी घटना की पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
वारदात: एक
मकान में घुसे चोर ले गए दो लाख का सामान
खिड़की की ग्रिल काटकर घर में घुसे चोर
परिवार समेत अपने पैतृक गांव गया था गृहस्वामी
लखीमपुर खीरी। शहर से सटे गांव राजापुर नया निवासी दिलीप कुमार पांडेय ने बताया कि वह शुक्रवार की शाम परिवार के साथ अपने पैतृक गांव गए थे। घर पर ताला पड़ा हुआ था। रात में चोरों ने खिड़की में लगी लोहे की ग्रिल उखाड़ दी और अंदर घुस गए। चोरों ने कमरों में रखा सामान खंगाल डाला और बक्से, बेड, सेफ आदि तोड़कर उनमें रखे 10 हजार रुपये, दो जोड़ी पायल, एक सोने की चेन, एक जोड़ी सोने की झुमकी, सात जोड़ी बिछिया, चार अंगूठी, दो फूल के बटुला, फूल की सात थाली, दो गैस सिलेंडर समेत करीब दो लाख का सामान बटोर ले गए। शनिवार की सुबह जब वह घर पहुंचे और ताला तोड़कर अंदर घुसे तो कमरे में सामान फैला देख उनके होश फाख्ता हो गया। चोरी की जानकारी होने पर आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित ने घटना की तहरीर पुलिस को दी है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
वारदात: दो
थाने के पास मोबाइल शॉप से उड़ाया माल
महेवागंज। कस्बा निवासी मनोज कुमार की फूलबेहड़ थाने के पास मोबाइल शॉप है। शनिवार सुबह जब वह दुकान पंहुचे तो शटर उखड़ा देख उसके होश उड़ गए। उन्होंने बताया कि चोर दुकान की गुल्लक से चार हजार रुपये, मोबाइल समेत करीब तीस हजार रुपये का सामान बटोर ले गए। मार्केट का पिछला दरवाजा भी खुला मिला। इससे दुकानदारों को अंदेशा है कि घटना को अंजाम देने के बाद चोर पिछले दरवाजे से फरार हो गए। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मौका मुआयना कर लौट आई। घटना की तहरीर पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
वारदात: तीन
हजारों के जेवरात लेकर फायरिंग कर भागे चोर
थाना सिंगाही के गांव मथुरापुरवा में हुई वारदात
बेलरायां/सिंगाही। थाना सिंगाही क्षेत्र के गांव हरद्वाही के मथुरापुरवा निवासी रामदुलारे प्रजापति ने बताया कि परिवार के कुछ सदस्य घर के बाहर और कुछ अंदर सो रहे थे। वृहस्पतिवार की रात चोर पड़ोस की छत से घर के अंदर घुस आए। उन्होंने बताया कि चोर दो कमरों में रखा सामान खंगाल कर रंगीन टीवी, दो जोड़ी पायल, तीन जोड़ी झुमकी, तीन सोने का मटरमाला, 25 हजार रुपये की नकदी चोरी कर ली। इसके बाद चोर तीसरे कमरे में घुस गए। आहट होने पर पुत्रवधु रामकली की आंख खुल गई। पुत्र वधु के शोर मचाने पर चोर हवाई फायर करते हुए चोरी किए गए सामान समेत भाग निकले। शोर-शराबा होने पर गांव के लोग बड़ी संख्या में मौके पर एकत्र हो गए। फायर होने के कारण ग्रामीण चोरों की घेराबंदी और तलाश करने की हिम्मत नहीं जुटा सके। उन्होंने घटना की तहरीर सिंगाही पुलिस को दी है, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की।
वारदात: चार
दो घरों से उड़ाया हजारों का सामान
सिकंद्राबाद। थाना नीमगांव क्षेत्र के गांव गड़रियन निवासी पूरन और हरिनाम के घर शुक्रवार की रात चोर घुस गए। पूरन ने बताया कि चोर घर से बक्सा उठा ले गए, जिसमें दो हजार रुपये नकद, कपड़ा और जेवर थे। हरिनाम ने बताया कि नकदी समेत करीब 30 हजार रुपये का सामान था। इसके अलावा गुरुद्वारे का दानपात्र तोड़कर उसमें रखी नकदी पर भी हाथ साफ कर दिया। तीनों वारदातों की तहरीर पुलिस को दी गई, लेकिन पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज नहीं की है।
रस्म अदायगी बनी पुलिस कार्रवाई
मोबाइल शॉप में चोरी की सूचना पर जांच पड़ताल करने पहुंची थाना फूलबेहड़ पुलिस की कार्रवाई सिर्फ रस्म अदायगी तक सीमित रही। भुक्तभोगी के मुताबिक काउंटर पर चोरों के हाथ-पैरों के निशान साफ नजर आ रहे थे। बावजूद पुलिस ने साक्ष्य जुटाने की जहमत नहीं उठाई।