निघासन (लखीमपुर खीरी)। झंडी में एक युवक ने फर्नीचर की दुकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। परिवार वाले पोस्टमार्टम नहीं कराना चाहते थे। इसको लेकर ग्रामीण पुलिस से भिड़ गए। दोनों के बीच खूब नोकझोंक हुई। पुलिस के काफी समझाने के बाद पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। इस दौरान सड़क झंडी गुलरी पुरवा मार्ग पर आवागमन बंद रहा।
झंडी चौकी इंचार्ज ने बताया कि क्षेत्र के गांव करमू पुरवा निवासी 21 वर्षीय रिजवान रोज की भांति अपनी दुकान खोलकर बैठा था। शनिवार दोपहर उसकी दुकान पर कोई नहीं था। उसने टेंट की दुकान से सीढ़ी मंगवाई। उसके बाद उस पर चढ़कर दुकान की छत में लगे कुंडे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। चौकी इंचार्ज ने बताया कि उसके कान में मोबाइल का हेडफोन लगा था। प्रथम दृष्टया मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा लग रहा है। फिलहाल पोस्टमार्टम के लिए शव भेजा जा रहा है।