फौजी हत्याकांड :
राजेश चौधरी ने छेड़छाड़ के मामले में कोर्ट में किया सरेंडर
- फौजी की पत्नी से छेड़छाड़ की रिपोर्ट कैंट थाने में थी दर्ज
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। कैंट पुलिस ने हत्या और षड़यंत्र के मामले में राजेश चौधरी का नाम खोला था। जिसके बाद दबाव बढ़ने पर राजेश ने बुधवार को कोर्ट में छेड़छाड़ के मामले में सरेंडर कर दिया, जहां से उसको जेल भेजा गया। राजेश के भाई ध्रुव ने सदर बाजार में लांस नायक अनिल कुमार की गोली मारकर हत्या की थी।
जाट रेजिमेंट सेंटर के लांस नायक अनिल कुमार की सरेआम हत्या के मुख्य आरोपी ध्रुव के भाई राजेश चौधरी का नाम भी पुलिस ने रिपोर्ट में खोल दिया है। सदर बाजार में ध्रुव चौधरी ने अपने भाई राजेश चौधरी की पिटाई का बदला लेने के लिए लांस नायक अनिल कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी थी। अनिल ने अपने दोस्त की पत्नी से छेड़छाड़ करते देख राजेश की सदर बाजार में पिटाई की थी। इस मामले में भी राजेश के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज हुई थी। अब पुलिस ने हत्या की एफआईआर में राजेश चौधरी का नाम भी शामिल कर लिया है। राजेश चौधरी ने इस मामले में कोर्ट में समर्पण के लिए अर्जी दी। मंगलवार को राजेश के सरेंडर नहीं किया, लेकिन बुधवार को कोर्ट में सरेंडर करके जेल चला गया।