पुवायां (शाहजहांपुर)। नाबालिग से इकरारनामा कराए जाने की कोशिश का आरोप लगाते हुए पिता ने दो लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है। बंडा पुलिस के रिपोर्ट दर्ज न करने पर पीड़ित ने डीआईजी की शरण ली थी।
गांव भगवंतनगर फत्तेपुर उफ उबरिया निवासी प्रमोद कुमार ने बताया कि उनका पुत्र 17 वर्षीय ध्रुव कुमार मानसिक कमजोर है। ध्रुव कुमार के नाम कृषि योग्य कुछ जमीन गांव में ही है। वह अपने पुत्र के संरक्षक हैं। पुवायां के गांव बद्रीपुर हदीरा निवासी विपिन कुमार उर्फ विनय कुमार की ससुराल उनके गांव में है। विनय अब गांव भगवंतनगर फत्तेपुर में ही रहते हैं। गांव सिंघापुर कुरसंडा निवासी विनय का दोस्त शिवम वर्मा और विनय का मेल है। उक्त दोनों को 13 मार्च 19 को उसके पुत्र ध्रुव कुमार को बहला फुसलाकर और धमकी देकर अपने साथ ले गए। लड़का देर तक घर नहीं आया तो तलाश करने पर पता चला कि आरोपी उसके पुत्र को पुवायां तहसील ले गए हैं। तहसील जाने पर पता चला कि उक्त लोगों ने उसके पुत्र से इकरारनामा लिखवा लिया, लेकिन उसे रजिस्ट्रार कार्यालय में पेश नहीं कर सके।
उसे देखकर विनय और शिवम छिप गए। वह इकरारनामा की छायाप्रति और पुत्र को अपने साथ घर ले आया। आरोपी उसे धमकी दे रहे हैं कि बैनामा नहीं कराया तो ध्रुव कुमार को जान से मार देंगे और गांव में नहीं रहने देंगे। इस प्रकार पुत्र को बंधक बनाकर इकरारनामा लिखवाकर चालाकी से जमीन हड़पने का षडयंत्र रचा गया है। उसने चार अप्रैल को पुलिस को तहरीर दी लेकिन रिपोर्ट दर्ज नहीं की गई। इसके बाद उसने डीआईजी से गुहार लगाई। डीआईजी के आदेश पर बंडा पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर ली है।