बरेली। बेटी के साथ छेड़छाड़ की शिकायत पुलिस से की तो दबंगों ने विधवा महिला के घर में घुसकर पूरे परिवार पर हमला कर दिया। मोहल्ले के लोग इकट्ठे हुए तो भाग निकले लेकिन कुछ ही देर बाद पड़ोस की छत पर चढ़कर घर पर पथराव कर दिया। पीड़ित परिवार की ओर से दबंगों के खिलाफ थाना बारादरी में तहरीर दी गई है।
पीड़ित महिला ने बताया कि मोहल्ले के कुछ दबंग एक पुराने झगड़े को लेकर उनसे रंजिश मानते हैं। दो साल पहले पति की मौत के बाद अक्सर उनसे और उनकी बेटियों से अभद्रता करते हैं। इन दिनों उनके मकान की मरम्मत चल रही है। आरोपी उनके घर सामान आने से भी रोकते हैं। 24 अप्रैल को छोटी बेटी बाजार जा रही थी जिसे रास्ते में रोककर दबंगों ने छेड़छाड़ की। विरोध करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी देने लगे। बेटी ने घर लौटकर इसकी शिकायत की तो उन्होंने थाने में तहरीर दे दी। इसके बाद दबंगों ने घर में घुसकर गालीगलौज और मारपीट की। इसके बाद पड़ोसी की छत पर चढ़कर उनके घर में काफी देर पत्थर भी फेंके।