बरेली। सराफ अनिल अग्रवाल के गांधीनगर स्थित घर में लूट करने वाले वर्दीधारी लुटेरे ब्रेजा कार से आए थे। एसएसपी ने सीसीटीवी फुटेज चेक किए तो सीसी कैमरा में वारदात के वक्त एक ब्रेजा गाड़ी गुजरते हुए नजर आई है। जिसका अधूरा नंबर भी पुलिस को मिला है। इस कार को ट्रेस करने की कोशिश शुरू हो गईं हैं। बरेली जोन के एडीजी प्रेम प्रकाश भी अनिल अग्रवाल के घर पहुंचे। परिवार से वारदात का पैटर्न को समझने के बाद उन्होंने खुलासे के निर्देश इंस्पेक्टर बलवीर सिंह को दिए।
थोक आभूषणों के कारोबारी अनिल अग्रवाल के गांधीनगर स्थित आवास पर बुधवार रात नौ बजे सात बदमाशों ने धावा बोला था। दो बदमाश पुलिस की वर्दी में थे। परिवार को धमकाते हुए दाखिल हुए बदमाशों ने ढाई लाख रुपये लूटे थे। इसी दौरान कर्मचारी मनोज के पहुंचने से पहले बदमाश गाड़ी में बैठकर भाग निकले थे। बदमाश सराफ पर चोरी का माल खरीदने और नंबर दो की पिस्टल रखने की बात कहकर धमका रहे थे। बदमाशों ने दो मोबाइल भी लूटे, लेकिन सर्विलांस से मदद नहीं मिली है।
मुरादाबाद, मेरठ के गिरोह पर शक
लूट के पैटर्न से आशंका जताई गई है कि बदमाश मुरादाबाद या मेरठ बेल्ट के हो सकते हैं। फर्जी सीबीआई, क्राइम ब्रांच बनकर वारदात अंजाम देने का पैटर्न में वहां के गिरोह का नाम सामने आ चुका है। यही वजह है कि पुलिस स्थानीय गिरोह के साथ मुरादाबाद और मेरठ के गिरोहों पर भी काम कर रही हैं।