बरेली। मकान में हिस्सा देने पर हुए विवाद में एक व्यक्ति ने अपने पुत्र, पुत्रवधू और बच्चों को मारपीट कर घर से निकाल दिया। कमरे में ताला डालने से बच्चों के बैग और अन्य सामान कमरे में बंद हो गए जिससे बच्चे स्कूल नहीं जा सके। पीड़ित की तहरीर पर बारादरी पुलिस ने दोनों पक्षों को बुलाकर समझौता करा दिया।
बारादरी के कांकर टोला के हरीश कुमार निजी दुकान पर काम करते हैं। बृहस्पतिवार को पत्नी मीना और बच्चों के साथ बारादरी थाने पहुंचे। पुलिस को दी तहरीर में हरीश ने कहा कि उसके पिता सुबह उठते ही उससे अभद्रता करने लगे। मना करने पर उन्होंने छोटे भाई के साथ उसे पीटना शुरू कर दिया। पत्नी बचाने आई तो उसे भी पीटा। बच्चे उस समय स्कूल जाने की तैयारी कर रहे थे। पिता ने सबको बाहर निकालकर कमरे में ताला डाल दिया। मीना ने बताया कि उसके साथ एक साल से ससुराली दुर्व्यवहार कर रहे हैं। ससुर उसे मकान में नहीं रखना चाहते हैं। इधर ससुर का कहना है कि हरीश ने मकान के निर्माण में कोई रुपया नहीं लगाया है जिससे उसका कोई हक नहीं बनता है। मौके पर पहुंची चीता मोबाइल ने ससुर थाने ले लाई। सूचना मिलते ही हरीश के रिश्तेदार भी पहुंच गए। उन्होंने पुलिस की मौजूदगी में दोनों पक्षों में समझौता करा दिया।