बरेली। बन्नूबाल नगर कालोनी के एक प्लाट में रविवार सुबह एक कन्या भ्रूण पड़ा मिला। कालोनी के लोगों के मुताबिक मौके पर कुत्तों के इकट्ठा होने और दुर्गंध आने के बाद पता चला।
इज्जतनगर की बन्नूबाल नगर कालोनी स्थित एक खाली प्लाट में रविवार सुबह कुत्तों का झुंड लगा देखकर लोगों ने उन्हें भगाने की कोशिश की। कुछ कालोनी वालों ने दुर्गंध आने पर पास जाकर देखा तो एक कन्या भ्रूण क्षत विक्षत स्थिति में पड़ा मिला। पास ही खून से लतपत एक कपड़ा भी मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भ्रूण का पोस्टमार्टम कराया। रिपोर्ट के मुताबिक लगभग पांच महीने का कन्या भ्रूण मृत ही पैदा हुआ था। पुलिस के मुताबिक सुबह तड़के ही कोई उसे कपड़े में लपेट कर फेंक गया था। लोगों ने बताया कि करीब सात महीने पहले भी कालोनी में कन्या भ्रूण पड़ा मिला था। (ब्यूरो)