बरेली। होली पर अवध असम एक्सप्रेस से बिहार जा रही शराब को जीआरपी ने बरामद कर एक युवती को गिरफ्तार किया है। इसके पास से हरियाणा मार्क की करीब दो सौ बोतलें मिलीं हैं। वह अपने पिता के कहने पर शराब की तस्करी करती थी। युवती गिरोह बनाकर काम करती थी, जो अन्य ट्रेनों से शराब की तस्करी करते हैं।
मुरादाबाद से चलने के बाद लालगढ़-गुवाहाटी अवध असम एक्सप्रेस के जीआरपी स्क्वाड आनंद सिंह चौहान ओर चेतन चौहान को एस-8 कोच में महिला के साथ शराब होने की सूचना मिली। उन्होेंने रेलवे कंट्रोल मुरादाबाद को मेसेज भेजा। जंक्शन पर मेसेज मिलते ही जीआरपी/आरपीएफ अलर्ट हो गई। ट्रेन दोपहर करीब डेढ़ बजे जंक्शन पहुंची। जीआरपी इंस्पेक्टर किशन अवतार, आरपीएफ एसआई किशन वीर सिंह, कांस्टेबल राजीव कुमार, महिला कांस्टेबल आदि के साथ कोच में घुसे। युवती उस समय शराब को बर्थ के नीचे छिपाने की कोशिश की रही थी। महिला कांस्टेबल ने युवती को हिरासत में लेकर शराब के तीन ड्रमों को कब्जे ले लिया। जीआरपी थाने में ड्रमों के खुलने पर उसमें हरियाणा मार्का शराब की 35 बोतलें डबल ब्लू, दस बोतल इंपेक्ट रम और 150 डबल ब्लू के क्वार्टर बरामद हुए। पकड़ी गई युवती बिहार के महाराज गंज की संजना है। उसने बताया कि उसके पिता विनोद कुमार उससे शराब तस्करी कराते हैं। इंस्पेक्टर किशन अवतार ने बताया कि विनोद कुमार एक गिरोह का सरगना है। उसके दो साथी दूसरी ट्रेनों से दिल्ली से बिहार शराब ले जाते हैं। युवती को गिरफ्तार कर लिया गया है।