बीजेपी का झंडा लगी कार से हो रही थी शराब की तस्करी
क्राइम ब्रांच ने इंडिगो कार में 54 पेटी शराब के साथ चार तस्कर पकड़े
अमर उजाला ब्यूरो
बरेली। तस्करी शराब की हो या गोवंशीय पशुओं की, पुलिस से बचने के लिए तस्कर सत्तारूढ़ पार्टी के झंडे का इस्तेमाल कर रहे हैं। क्राइम ब्रांच की टीम ने सुभाषनगर से जिस कार से तस्करी की शराब पकड़ी उस पर भी भाजपा का झंडा लगा था। इस इंडिगो कार में 54 पेटी अंग्रेजी शराब लदी थी, जिसे उत्तराखंड से लाया गया था। क्राइम ब्रांच ने चार तस्करों को भी गिरफ्तार किया है।
क्राइम ब्रांच प्रभारी सौरभ सिंह के मुताबिक सुभाषनगर इलाके में पराग दूध फैक्ट्री के पास से शराब तस्करों को गिरफ्तार किया गया है। कार की तलाशी में 40 पेटी में अंग्रेजी शराब के 1920 क्वाटर और 14 पेटी में 168 बोतल बरामद हुईं। मौके से भोजीपुरा के सत्यप्रकाश, जोगेंद्र सिंह एवं बारादरी के संजय राठौर और सतीश राठौर को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में तस्करों ने बताया कि वे पुलिस से बचने के लिए भाजपा के झंडे का इस्तेमाल करते हैं।